गोवा चुनाव : सीएम प्रमोद सावंत की अगुआई में भाजपा की वापसी तय, 3 निर्दलीय विधायकों ने दिया समर्थन

पणजी, 10 मार्च। उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और मणिपुर के विपरीत गोवा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पूर्ण बहुमत से एक सीट दूर रह गई। इसके बावजूद मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत की अगुआई में भाजपा की सत्ता में वापसी तय हो गई है क्योंकि तीन निर्दलीय विधायकों ने पार्टी को समर्थन का एलान कर दिया है। यह लगातार तीसरा अवसर है, जब इस दक्षिणी राज्य में भाजपा सरकार बनाएगी।

गोवा चुनाव परिणाम पर एक नजर

गोवा में सभी40 सीटों पर नतीजे जारी हो गए हैं, जिनमें 20 सीटें भाजपा ने जीतीं जबकि कांग्रेस 11 सीटें पा सकी। गोवा भाजपा अध्यक्ष सदानंद शेत तनवड़े ने बताया, ‘तीन निर्दलीय विधायकों ने भी भाजपा को अपना समर्थन दिया है। इसलिए हम पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएंगे। गोवा में बहुमत के लिए 21 सीटों की जरूरत है।’

सीएम सावंत की 666 मतों से संकीर्ण जीत

हालांकि गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत को मुश्किलों के बाद जीत मिल सकी। सांकेलिम सीट पर शुरुआती मतगणना में सावंत पिछड़ गए थे। फिलहाल उन्होंने कांग्रेस के धर्मेश सगलानी को 666 मतों से हराया।

पूर्व सीएम मनोहर पर्रिकर के बेटे  उत्पल पणजी से हारे

लेकिन दिवंगत सीएम मनोहर पर्रिकर के बेटे उत्पल पर्रिकर को पणजी विधानसभा सीट से पराजय का सामना करना पड़ा। उन्हें भारतीय जनता पार्टी के अतानासियो मोन्सेरेट ने 716 वोटों से हराया। पणजी से भाजपा का टिकट न मिलने के बाद उत्पल ने पार्टी ही छोड़ दी थी और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप जोर आजमाया था।

RELATED ARTICLES

Most Popular