1. Home
  2. हिन्दी
  3. चुनाव
  4. बंगाल चुनाव : भाजपा ने जारी की प्रत्याशियों की तीसरी सूची, RG Kar रेप पीड़िता की मां को दिया टिकट
बंगाल चुनाव : भाजपा ने जारी की प्रत्याशियों की तीसरी सूची, RG Kar रेप पीड़िता की मां को दिया टिकट

बंगाल चुनाव : भाजपा ने जारी की प्रत्याशियों की तीसरी सूची, RG Kar रेप पीड़िता की मां को दिया टिकट

0
Social Share

नई दिल्ली/कोलकाता, 25 मार्च। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए बुधवार को अपनी तीसरी जारी की, जिसमें 19 उम्मीदवारों के नाम हैं। इस सूची में RG Kar अस्पताल रेप-मर्डर केस की पीड़िता ‘निर्भया’ की मां रत्ना देबनाथ को भी टिकट दिया गया है। वह पानीहाटी विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगी।

उल्लेखनीय है कि यह दर्दनाक घटना पूरे देश को झकझोर देने वाली थी और इसके बाद पश्चिम बंगाल समेत कई जगहों पर बड़े पैमाने पर विरोध प्रदर्शन हुए थे। इस मामले ने महिलाओं की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और सरकार की जवाबदेही पर बड़ा सवाल खड़ा किया था।

देखा जाए तो नॉर्थ 24 परगना जिले में स्थित पानीहाटी सीट निर्भया की मां को टिकट दिए जाने से हाई-प्रोफाइल मुकाबले में तब्दील हो चुकी है। भाजपा इस उम्मीदवारी को एक भावनात्मक और प्रतीकात्मक मुद्दे के तौर पर पेश कर सकती है।

भाजपा ने इसलिए रत्ना देबनाथ को दिया टिकट

वस्तुतः रत्ना देबनाथ को उम्मीदवार बनाए जाने को भाजपा द्वारा कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे को चुनावी केंद्र में लाने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। यह मामला पहले ही राज्य की राजनीति में काफी चर्चा का विषय रहा है और अब पीड़िता की मां को चुनावी मैदान में उतारकर भाजपा ने इसे और प्रमुख बना दिया है। टिकट मिलने के बाद मीडिया से बातचीत में रत्ना देबनाथ ने कहा, ‘मैंने कल रात भाजपा को सूचित किया था कि मैं चुनाव लड़ना चाहती हूं। पार्टी के लोग काफी समय से मेरे संपर्क में थे। काफी सोच-विचार के बाद मैंने अपनी सहमति दी है।’

गौरतलब है कि RG Kar केस के बाद डॉक्टरों, सामाजिक संगठनों और विपक्षी दलों ने लगातार प्रदर्शन किए थे। इनमें से कई लोगों ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सरकार पर आरोप लगाया कि वह इस मामले में सही तरीके से न्याय और पारदर्शिता सुनिश्चित करने में नाकाम रही।

दो चरणों में होगी बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग

ज्ञातव्य है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 दो चरणों में होंगे – 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को। यह 2021 के चुनावों के मुकाबले कम है क्योंकि तब 8 चरणों में वोटिंग हुई थी। इस बार नतीजे चार मई को घोषित होंगे।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी एक बार फिर टीएमसी का नेतृत्व करती नजर आएंगी जबकि बीजेपी केंद्रीय नेतृत्व, स्थानीय सरकार के खिलाफ नाराजगी (anti-incumbency) और अभया की मां जैसे प्रतीकात्मक उम्मीदवारों पर दांव लगाएगी। आने वाले दिनों में कोलकाता, नॉर्थ और साउथ 24 परगना, हावड़ा, हुगली, पूर्व मेदिनीपुर और नदिया जैसे अहम जिलों से बड़े उम्मीदवारों के नाम सामने आ सकते हैं।

2021 के विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी की अगुआई वाली टीएमसी ने बड़ी जीत हासिल की थी। पार्टी ने 294 में से 213 सीटें जीती थीं और लगातार तीसरी बार सरकार बनाई थी। वहीं भाजपा 77 सीटों के साथ मुख्य विपक्ष बनकर उभरी थी, जो 2016 के सिर्फ तीन सीटों के मुकाबले बड़ी बढ़त थी। हालांकि कांग्रेस और लेफ्ट फ्रंट, जो कभी बंगाल की राजनीति में मजबूत थे, एक भी सीट नहीं जीत पाए और उनका जनाधार काफी कमजोर हो गया।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code