बंगाल चुनाव : भाजपा ने जारी की 111 उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट, सोनारपुर दक्षिण से रूपा गांगुली लड़ेंगी
नई दिल्ली, 19 मार्च। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए गुरुवार को 111 उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी है। इसके साथ ही भाजपा ने 253 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा कर दी है। पार्टी की पहली लिस्ट में 142 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की गई थी। बंगाल चुनाव के लिए मतदान दो चरणों में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को होगा। मतगणना तमिलनाडु, केरल, असम और केंद्र शासित प्रदेश (UT) पुडुचेरी के साथ ही चार मई को होगी।
भाजपा की दूसरी लिस्ट में शामिल प्रमुख उम्मीदवारों में हिंगलगंज सीट से रेखा पात्रा को चुनावी मैदान में उतारा गया है तो निसिथ प्रमाणिक माथाभांगा से चुनाव लड़ेंगे। वहीं, शंकर अधिकारी चोपड़ा से, कौस्तव बागची बैरकपुर से, अरूप चौधरी कमरहाटी से, रेखा पात्रा हिंगलगंज से, रूपा गांगुली सोनारपुर दक्षिण से, प्रियंका टिबरेवाल एंटली से और तपस रॉय को मानिकतला से उम्मीदवार घोषित किया गया है।
भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए अपनी दूसरी सूची में निम्नलिखित उम्मीदवारों के नामों पर अपनी स्वीकृति प्रदान की। (2/2) pic.twitter.com/dwvaRvzyLB
— BJP (@BJP4India) March 19, 2026
शुभेंदु अधिकारी ने भवानीपुर में शुरू किया प्रचार अभियान
इस बीच, पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने गुरुवार को दक्षिण कोलकाता की बहुचर्चित भवानीपुर विधानसभा सीट पर भाजपा के चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत की। इस सीट पर उनका मुकाबला मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से है। उन्होंने विश्वास जताते हुए कहा, ‘मैं 25,000 मतों के अंतर से जीतूंगा। जनता ने आज दिखा दिया है कि यहां कोई चुनौती नहीं है।’
बोले – ममता बनर्जी को 25 हजार वोटों से हराऊंगा
भाजपा के फायर ब्रांड नेता ने ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि घुसपैठियों और भ्रष्टाचार की नेता को हराना होगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि छोटे दुकानदारों ने मुख्यमंत्री के भतीजे द्वारा उत्पीड़न किए जाने की शिकायत की है। शुभेंदु का इशारा तृणमूल के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी की ओर था।
उन्होंने कहा, ‘छोटे दुकानदारों, चालकों और आम लोगों ने मुझे बताया है कि वे तृणमूल के अत्याचारों से आजिज आ चुके हैं। चैत्र नवरात्र के पहले दिन के पावन अवसर पर, मैंने केवल एक ही लक्ष्य के साथ चुनाव प्रचार शुरू किया है कि तृणमूल को हराना ही होगा।’
चकबेरिया रोड इलाके में दोनों दलों के समर्थकों की भीड़ से उपजा तनाव
वहीं चकबेरिया रोड इलाके में दोनों दलों के समर्थकों की भारी भीड़ जमा होने से कुछ समय के लिए तनाव व्याप्त हो गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने शुभेंदु के आने का जश्न मनाया। वहीं तृणमूल समर्थकों ने ‘जय बांग्ला’ और ‘ममता बनर्जी जिंदाबाद’ जैसे नारे लगाए। कोलकाता पुलिस के कर्मियों को बड़ी संख्या में तैनात किया गया था। वे दोनों दलों के समर्थकों को अलग-अलग करने और किसी भी अप्रिय घटना को टालने के लिए वहां मुस्तैद थे।
शुभेंदु भवानीपुर पुलिस थाने भी गए और आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं को धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी रैली को प्रतिबंधित किया गया या पार्टी कार्यकर्ताओं को परेशान किया गया तो वह धरना देंगे।
‘पीएम मोदी ने मुझे दोनों जगहों से चुनाव लड़ने का निर्देश दिया है’
दो सीटों से चुनाव लड़ने के उनके फैसले के बारे में पूछे जाने पर भाजपा नेता ने कहा, ‘प्रधानमंत्री मोदी ने मुझे दोनों जगहों से चुनाव लड़ने का निर्देश दिया है। मैं नंदीग्राम से काफी मतों के अंतर से जीतूंगा और यहां (भवानीपुर) भी ममता बनर्जी को हरा दूंगा।’
