1. Home
  2. हिंदी
  3. चुनाव
  4. मध्य प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीट पर भाजपा की बढ़त बरकरार
मध्य प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीट पर भाजपा की बढ़त बरकरार

मध्य प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीट पर भाजपा की बढ़त बरकरार

0
Social Share

भोपाल, 4 जून। मध्य प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीट के लिए मंगलवार सुबह से जारी मतगणना के अब तक के रुझानों के अनुसार सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सभी सीट पर बढ़त बरकरार रखे हुए है। इंदौर से भाजपा उम्मीदवार शंकर लालवानी 2,88,639 मतों से आगे हैं, जबकि नोटा को अब तक 46,322 वोट मिले हैं। कांग्रेस इस सीट पर दौड़ से पहले ही बाहर हो गई थी, क्योंकि उसके आधिकारिक उम्मीदवार अक्षय कांति बम ने आखिरी समय में नामांकन वापस ले लिया था।

भाजपा के प्रमुख उम्मीदवार जो आगे हैं उनमें ज्योतिरादित्य सिंधिया (गुना), शिवराज सिंह चौहान (विदिशा) शामिल थे, फग्गन सिंह कुलस्ते (मंडला), शंकर लालवानी (इंदौर), वी.डी. शर्मा (खजुराहो), संध्या राय (भिंड), लता वानखेड़े (सागर), वीरेंद्र कुमार (टीकमगढ़), आलोक शर्मा (भोपाल) और रोडमल नागर (राजगढ़) हैं। विदिशा में भाजपा उम्मीदवार शिवराज सिंह 1,71,661 मतों से आगे हैं। निर्वाचन आयोग के आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार राजगढ़ सीट पर रोडमल नागर, कांग्रेस के दिग्गज नेता दिग्विजय सिंह से 21,044 मतों से आगे हैं।

छिंदवाड़ा में कांग्रेस के निवर्तमान सांसद नकुल नाथ भी पीछे हैं। भाजपा के विवेक बंटी साहू उनसे 14,046 मतों से आगे हैं। रतलाम में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं कांग्रेस उम्मीदवार कांतिलाल भूरिया 87,938 मतों से पीछे हैं। गुना में केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा उम्मीदवार ज्योतिरादित्य सिंधिया 1,59,229 मतों से बढ़त बनाए हुए हैं। मंडला में केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा उम्मीदवार फग्गन सिंह कुलस्ते 31,706 मतों से आगे हैं। खजुराहो में भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष वी.डी. शर्मा 2,03,484 मतों से आगे हैं।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code