एमसीडी चुनाव – भाजपा ने किए 14 रोड शो, जेपी नड्डा सहित कई राज्यों के सीएम और केंद्रीय मंत्री शामिल

नई दिल्ली, 20 नवम्बर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जेपी नड्डा, कई राज्यों के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्रियों ने दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के चुनाव से पहले राष्ट्रीय राजधानी में रविवार को 14 रोड शो में हिस्सा लिया।

जेपी नड्डा ने संगम विहार से रोड शो किया तो रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उत्तम नगर में रोड शो किया। वहीं गजेंद्र सिंह शेखावत, हरदीप सिंह पुरी, जितेंद्र सिंह और मीनाक्षी लेखी सहित कई अन्य केंद्रीय मंत्रियों ने भी विभिन्न क्षेत्रों में होने वाले रोड शो में शिरकत की।

भाजपा दिल्ली के सांसद हर्षवर्धन, मनोज तिवारी, रमेश बिधूड़ी, प्रवेश वर्मा, गौतम गंभीर और हंसराज हंस भी रोड शो में शामिल हुए। रोड शो में शामिल मुख्यमंत्रियों में मनोहरलाल खट्टर (हरियाणा), हिमंत बिस्वा सरमा (असम), पुष्कर सिंह धामी (उत्तराखंड) व जयराम ठाकुर (हिमाचल प्रदेश) शामिल रहे।

दिल्ली सरकार और अरविंद केजरीवाल पर जमकर प्रहार

भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने संगम विहार में आयोजित रोड शो के दौरान दिल्ली सरकार पर जमकर हमला किया। उन्होंने कहा, “दिल्ली की जनता केजरीवाल से ठगी हुई महसूस कर रही है, उसके साथ धोखा हुआ है। केजरीवाल की सरकार कुशासन की मूर्ति है और भ्रष्टाचार में डूबी सरकार है।”

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा सांसद गौतम गंभीर ने शांति मार्ग से श्री राम चौक मंडावली तक ‘विजय संकल्प रोड शो’ किया। पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आज रोड शो के कार्यक्रम में यहां के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया है। यहां एकतरफा भाजपा जीतने वाली है। जनता ने झूठ फरेब की राजनीति को, भ्रष्टाचार को देखा है और दूसरी तरफ पीएम मोदी के कामों को भी देखा है।

खट्टर ने केजरीवाल को पीठ में छुरा घोपने वाला व्यक्ति कहा

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने दिल्ली के नरेला में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि पीठ में छुरा घोंपने वाला यह आदमी (अरविंद केजरीवाल), अन्ना हजारे के पीठ में छुरा घोंप कर उनको वापस भेज दिया और खुद काबिज होकर बैठ गया।

मनोहर लाल खट्टर ने कहा कि एक धोखा अन्ना हजारे के साथ हुआ। एक दिन उन्होंने भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाई, जो लोगों को बहुत पसंद आई और केजरीवाल की सरकार बना दी। इसकी कुछ काबिलियत नहीं है सरकार में आने की। यह सरकार में राजनीति करता है, लेकिन राज करना नहीं आता।

हिमंत सरमा बोले – लोगों के उमंग से पता चल रहा है कि चुनाव का परिणाम क्या होगा

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने उत्तर पूर्वी दिल्ली के घोंडा से रोड शो किया। उन्होंने कहा, ‘लोगों के उमंग से पता चल रहा है कि चुनाव का परिणाम क्या होगा…वे सोचते हैं कि हिन्दू दुश्मन हैं, लेकिन हिन्दू बिना भारत हो सकता है क्या? जिस तरह से उन्होंने सीएए के समय दिल्ली में दंगा फसाद कराए, उसके लिए उनको माफी मांगनी चाहिए।’

भाजपा प्रवक्ता हरीश खुराना ने कहा कि एमसीडी चुनाव दिल्ली की जनता के सामने अरविंद केजरीवाल नीत ‘भ्रष्ट’ सरकार को सबक सिखाने का अवसर है, जो वायु प्रदूषण सहित विभिन्न समस्याओं का समाधान करने में नाकाम रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular