1. Home
  2. हिंदी
  3. राष्ट्रीय
  4. बिहार : लखीसराय में दो वाहनों की टक्कर में छह लोगों की मौत, चार घायल

बिहार : लखीसराय में दो वाहनों की टक्कर में छह लोगों की मौत, चार घायल

0
Social Share

लखीसराय, 16 नवम्बर। बिहार में लखीसराय जिले के हलसी थाना क्षेत्र में मंगलवार को दो वाहनों के बीच हुयी टक्कर में छह लोगों की मौत हो गयी तथा चार अन्य घायल हो गये। मृतक बॉलीवुड के दिवांगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के रिश्‍तेदार थे। वे बिहार के जमुई जिले के रहने वाले थे। सूमो पर कुल 10 लोग सवार थे। मॉर्निंग वाकिंग करने वाले स्थानीय लोगों से दुर्घटना की सूचना हलसी थाना पुलिस को दी। ट्रक पर एलपीजी रसोई गैस का खाली सिलेंडर लदा हुआ है। जानकारी के अनुसार जमुई जिले के खैरा थाना क्षेत्र के सगदाहा भंदरा गांव के लालजीत सिंह की पत्नी गीता देवी के शव का दाह संस्कार करके चालक सहित एक ही परिवार के 10 लोग सूमो गोल्ड वाहन से वापस गांव लौट रहे थे।

पुलिस सूत्रों ने यहां बताया कि सिकंदरा-शेखपुरा मुख्य मार्ग पिपरा गांव के समीप सुमो वाहन और रसोई गैस सिलेंडर लदे ट्रक के बीच टक्कर हो गयी। इस घटना में छह लोगों की मौत हो गयी जबकि चार अन्य घायल हो गये। सूत्रों ने बताया कि मृतकों की पहचान अमित शेखर सिंह उर्फ निमानी सिंह (45), रामचंद्र सिंह (35), लालजीत सिंह (80), देवी सिंह (40), डेजी कुमारी (28) और प्रीतम कुमार (25) के रूप में की गयी है। घायलों को सिकंदरा स्थित अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिये जमुई रेफर कर दिया गया है। घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिये भेज दिया है।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code