Bihar Election: चुनाव परिणाम से पहले लालू यादव पर भड़के गिरिराज सिंह, कहा- ना गरीब की मदद की और ना यादवों की…

पटना, 13 नवंबर। बिहार विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग प्रक्रिया समाप्त हो चुकी है और अब चुनावी नतीजों का इंतजार हो रहा है। वहीं, नतीजों से पहले सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। इसी कड़ी में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने तेजस्वी यादव, लालू यादव, अखिलेश यादव और राहुल गांधी पर जोरदार हमला बोला।

केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा, “चाहे अखिलेश यादव हों, लालू यादव हों, तेजस्वी यादव हों या राहुल गांधी, बिहार में इन लोगों को कोई वोट क्यों देगा? लालू यादव जैसे भ्रष्ट व्यक्ति को कोई वोट क्यों देगा, जिसने अपना पूरा जीवन अपने परिवार के लिए ही जिया है? उसने न तो गरीबों की मदद की और न ही यादवों की। इसीलिए बिहार की जनता ने नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार के नेतृत्व में विकास के लिए वोट दिया है। हमने 2010 में 206 सीटें जीती थीं और हम उससे भी ज़्यादा जीतेंगे।”

बता दें कि विभिन्न संस्थाओं द्वारा कराए गए एग्जिट पोल में राजग की सरकार बनने की संभावना जताई गई है, जबकि विपक्षी ‘महागठबंधन’ के प्रदर्शन को कमजोर और पूर्व चुनाव रणनीतिकार प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज पार्टी के प्रदर्शन को निराशाजनक बताया गया है। ‘मेट्राइज एग्जिट पोल’ ने राजग को 147 से 167 सीटें, महागठबंधन को 70 से 90 सीटें और जन सुराज को 0 से 2 सीटें मिलने का अनुमान जताया है।

वहीं, ‘पीपल्स इनसाइट’ के मुताबिक, राजग को 133 से 148 सीटें, महागठबंधन को 87 से 102 सीटें और जन सुराज को 0 से 2 सीटें मिल सकती हैं। ‘पीपल्स पल्स’ के एग्जिट पोल में राजग को 133 से 159, ‘इंडिया’ गठबंधन को 75 से 101 और जन सुराज को 0 से 5 सीटें मिलने का अनुमान है।

RELATED ARTICLES

Most Popular