1. Home
  2. हिंदी
  3. चुनाव
  4. बिहार : सीएम नीतीश कुमार ने चुनाव प्रचार से काटी कन्नी, बोले – तबीयत ठीक रही तो करेंगे प्रचार
बिहार : सीएम नीतीश कुमार ने चुनाव प्रचार से काटी कन्नी, बोले – तबीयत ठीक रही तो करेंगे प्रचार

बिहार : सीएम नीतीश कुमार ने चुनाव प्रचार से काटी कन्नी, बोले – तबीयत ठीक रही तो करेंगे प्रचार

0
Social Share

पटना, 27 अक्टूबर। बिहार की राजनीति में ‘ना काहू से दोस्ती ना काहू से बैर’ वाली कहावत अक्सर ही चरितार्थ होती नजर आ जाती है। बिहार विधानसभा की दो सीटों के लिए हो रहे उपचुनाव में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिल रहा है। इसका ताजा उदाहरण गुरुवार देखने को मिला, जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ऐन वक्त पर राजद उम्मीदवारों के चुनाव प्रचार से यह कहते हुए कन्नी काट ली कि उनकी तबीयत ठीक नहीं है और स्वास्थ्य ठीक होने पर ही वह प्रचार करने जाएंगे।

जदयू अध्यक्ष ललन सिंह मोकामा में अनंत सिंह की पत्नी के लिए वोट मांग रहे

दिलचस्प यह है जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह राजद उम्मीदवार अनंत सिंह की पत्नी नीलम देवी के पक्ष में वोट मांगने के लिए मोकामा की गलियों में घूम रहे हैं जबकि पिछले लोकसभा चुनाव में ये दोनों एक दूसरे के प्रतिद्वंदी होकर आमने-सामने की जंग लड़ रहे थे। सीएम नीतीश कुमार के भी मोकामा जाने की चर्चा थी। लेकिन ऐन वक्त पर उन्होंने स्वास्थ्य का हवाला देकर इनकार कर दिया।

गोपालगंज व मोकामा में 3 नवम्बर को डाले जाएंगे वोट उपचुनाव का प्रचार एक नवम्बर को समाप्त हो रहा है। तीन तारीख को गोपालगंज और मोकामा विस सीट के लिए वोट डाले जाएंगे। अब तक यह कहा जा रहा था कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार प्रचार करने जाएंगे। लेकिन अब संभावना कम ही है कि वह प्रचार करने जाएंगे।

चोट ठीक हो जाएगी, तब न कुछ सोचेंगे

गर्दनीबाग ठाकुराबाड़ी में चित्रगुप्त पूजा के अवसर पर पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मीडिया ने पूछा कि क्या वह चुनाव प्रचार में जाएंगे? इस पर उन्होंने कहा, ‘आप लोग जानते हैं कि हमें जख्म है। अभी ऐसी कोई बात नहीं है। अभी तो हमको चोट लगी हुई है। वह ठीक हो जाएगी, तब न कुछ सोचेंगे। हमारी पार्टी के सब लोग तो जा ही रहे हैं। वह सब मैंने कर दिया है। तबीयत ठीक होने पर चुनाव प्रचार करने जाएंगे।’

पिछले दिनों स्टीमर दुर्घटना में चोटिल हो गए थे नीतीश

दरअसल पिछले दिनों हुई स्टीमर दुर्घटना में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार चोटिल हो गए थे। उन्होंने बुधवार को अपना घाव भी पत्रकारों को दिखाया था। उनके पेट में चोट है, ऐसे में वह हेलीकॉप्टर की बेल्ट नहीं बांध सकते। नीतीश कुमार का कार्यक्रम तय नहीं होने के कारण चुनाव प्रचार में अब तक उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव भी नहीं गए हैं। तेजस्वी पिछले तीन दिनों से दिल्ली में ही हैं।

पहले यह घोषणा की गई थी कि नीतीश कुमार 27 अक्टूबर को मोकामा में चुनाव प्रचार करने जाएंगे। उनके साथ तेजस्वी यादव औऱ जीतन राम मांझी भी रहेंगे। वहीं, जदयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा ने कहा कि अब तक मुख्यमंत्री का कार्यक्रम तय नहीं हुआ है। अब जो भी होगा, वो छठ के बाद होगा। एक नवम्बर को मुख्यमंत्री चुनाव प्रचार के लिए जा सकते हैं।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code