ICC एक दिनी रैंकिंग : टीम इंडिया को बड़ा फायदा, जनवरी 2019 के बाद पहली बार टॉप-10 में 3 बल्लेबाज

नई दिल्ली, 13 सितम्बर। मौजूदा एशिया कप क्रिकेट टूर्नामेंट में श्रेष्ठ प्रदर्शन के बीच फाइनल तक जा पहुंची टीम इंडिया को एमआरएफ टायर्स आईसीसी एक दिवसीय रैंकिंग को बड़ा फायदा हुआ, जब जनवरी, 2019 के बाद पहली बार उसके तीन बल्लेबाज शीर्ष 10 में जा पहुंचे।

शुभमन गिल करिअर की सर्वोच्च दूसरी रैंकिंग पर

टॉप 10 में शामिल भारत के तीन बल्लेबाजों में शुभमन गिल करिअर की सर्वोच्च दूसरी रैंकिंग पर बरकरार हैं। विराट कोहली एक स्थान के नुकसान से 8वें और कप्तान रोहित शर्मा एक पायदान के फायदे के साथ 9वें स्थान पर हैं। अंतिम बार जनवरी, 2019 में तीन भारतीय बल्लेबाज – रोहित, कोहली और शिखर धवन वनडे रैंकिंग में शीर्ष 10 की सूची में शामिल थे।

बाबर आजम से गिल 104 रेटिंग अंक पीछे

गिल ने इस क्रम में शीर्ष पर चल रहे पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम से अंतर काफी हद तक कम कर दिया है। शीर्ष पर अब केवल 104 रेटिंग अंकों का फासला का है। बाबर 863 रेटिंग अंकों के साथ सबसे आगे हैं और शुभमन के 759 रेटिंग अंक हैं। गिल ने अपने पहले ही टूर्नामेंट में दो अर्धशतकों सहित कुल 154 रन बनाए हैं। गिल ने एशिया कप के सुपर फोर मैच में पाकिस्तान के खिलाफ कप्तान रोहित शर्मा के साथ पहले विकेट के लिए 121 रनों की साझेदारी निभाने के साथ खुद 58 रनों की पारी खेली थी।

रोहित ने श्रीलंका के खिलाफ एशिया कप के पिछले मैच में भी अर्धशतक जड़ा था, जिन्होंने इस टूर्नामेंट में अब तक लगातार तीन अर्धशतक जड़ दिए हैं जबकि कोहली ने पाकिस्तान के खिलाफ नाबाद 122 रनों की पारी खेली थी।

सम्पूर्ण रैंकिंग देखने के लिए यहां क्लिक करें 

उल्लेखनीय है कि आईसीसी पुरुष वनडे विश्व कप शुरू होने में अब एक माह से भी कम समय बचा है। हालांकि पाकिस्तान के भी तीन बल्लेबाज शीर्ष 10 में शामिल है। कप्तान बाबर आजम शीर्ष पर हैं जबकि इमाम उल हक और फखर जमां क्रमश: पांचवें और 10वें स्थान पर बने हुए हैं।

गेंदबाजों में ऑस्ट्रेलिया हेजलवुड का शीर्ष क्रम बरकरार

उधर गेंदबाजों की सूची में कंगारू पेसर जोश हेजलवुड 692 रेटिंग अंक के साथ शीर्ष पर बने हुए हैं जबकि न्यूजीलैंड के ट्रेंट बोल्ट एक पायदान की छलाग के साथ ऑस्ट्रेलियाई मिचेल स्टार्क के साथ संयुक्त दूसरे स्थान पर आ गए हैं। ऑस्ट्रेलियाई लेग स्पिनर एडम जम्पा एक स्थान नुकसान के साथ चौथे स्थान पर हैं।

कुलदीप यादव एक पायदान के फायदे से सातवीं पोजीशन पर

भारत के बाएं हाथ के स्पिनर कुलदीप यादव को भी एशिया कप के दो मैचों में नौ विकेट की बदौलत एक पायदान का लाभ मिला है, जिससे वह सातवें स्थान पर पहुंच गए हैं जबकि मो. सिराज नौवें स्थान पर बरकरार हैं। ऑपरेशन के बाद वापसी करने वाले तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह दो पायदान के लाभ से 27वें स्थान पर पहुंचे हैं।

हार्दिक पंड्या ऑलराउंडर की सूची में छठे स्थान पर पहुंचे

पंड्या ऑलराउंडर की सूची में चार स्थान के फायदे से छठे नंबर पर पहुंच गए। यह उनके करिअर की सर्वोच्च रैंकिंग है। दक्षिण अफ्रीका के स्पिनर केशव महाराज (25वें नंबर) और तबरेज शम्सी (29वें नंबर) को भी रैंकिंग में फायदा मिला है।

RELATED ARTICLES

Most Popular