भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर आजाद पर सहारनपुर में हमला, अस्पताल में भर्ती

सहारनपुर, 28 जून। भीम आर्मी चीफ एवं आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद उर्फ चंद्रशेखर रावण पर बुधवार की शाम यहां अज्ञात बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशों ने अचानक उनकी कार पर चार राउंड फायरिंग कर दी। बदमाशों की एक गोली उनके पेट को छूकर निकल गई। चंद्रशेखर के समर्थक उन्हें तुरंत अस्पताल ले गए। उन्हें देवबंद सीएचसी में भर्ती कराया गया है।

बताया जा रहा है कि चंद्रशेखर आजाद दिल्ली से अपने घर लौट रहे थे। रास्ते में देवबंद के पास उनकी कार पर पीछे से कार सवार अज्ञात बदमाशों ने हमला कर दिया। बदमाशों की कार की नंबर प्लेट पर हरियाणा का नंबर दर्ज था। पुलिस जांच में जुटी हुई है।

घटना की सूचना के बाद जिले के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए। एसएसपी समेत भारी पुलिस बल मौके पर है। हमले की जांच की जा रही है। पता लगाया जा रहा है कि आखिर हमला किन लोगों ने किया है। हमलावरों की तलाश में पूरे जिले में पुलिस ने कांबिंग शुरू कर दी है।

एसएसपी डॉ. विपिन ताड़ा ने कहा, ‘चंद्रशेखर आज़ाद के काफिले पर कुछ कार सवार हथियारबंद लोगों ने गोलीबारी की थी। एक गोली उनके पास से निकल गई। वह ठीक हैं और उन्हें इलाज के लिए सीएचसी ले जाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।’

वहीं, सीएचसी के बाहर आजाद समाज पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। सीएचसी के बाहर भी भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। चंद्रशेखर आजाद पर अचानक हुए हमले को लेकर लोगों में आक्रोश हैं। समर्थकों का कहना है कि पुलिस ने आखिर उनको पर्याप्त सुरक्षा क्यों नहीं दी।

RELATED ARTICLES

Most Popular