टोक्यो पैरालंपिक : भाविनाबेन ने भारत का खाता खोला, टेबल टेनिस में जीता रजत

टोक्यो, 29 अगस्त। टोक्यो पैरालंपिक खेलों में रविवार को भारत का खाता खुल गया, जब टेबिल टेनिस खिलाड़ी भाविनाबेन पटेल रजत पदक जीतने में सफल रहीं। महिला एकल क्लास 4 वर्ग के फाइनल में भाविना को विश्व नंबर एक चीनी स्पर्धी झाउ यिंग ने 11-7, 11-5, 11-6 से मात दी। फिलहाल भाविना पैरालंपिक में पदक जीतने वाली भारत की पहली टेबल टेनिस खिलाड़ी बन गई हैं।

24 घंटे पूर्व चीन की ही झांग मियाओ पर पांच गेमों की संघर्षपूर्ण जीत के सहारे फाइनल में पहुंचीं 34 वर्षीया भाविना ने पहले गेम में झाउ यिंग को अच्छी टक्कर दी, लेकिन दो बार की पूर्व चैंपियन चीनी दिग्गज ने लय हासिल करने के बाद भारतीय खिलाड़ी को कोई मौका नहीं दिया और मात्र 19 मिनट में आसान जीत दर्ज कर ली।

विश्व नंबर एक झाउ यिंग के नाम तीसरा स्वर्ण पदक

भाविना को इस हफ्ते की शुरुआत में अपने पहले ग्रुप मैच में भी झाउ के खिलाफ पराजय झेलनी पड़ी थी। झाऊ का पैरालंपिक खेलों में यह तीसरा स्वर्ण और कुल छठा पदक है। उन्होंने बीजिंग और लंदन खेलों में भी स्वर्ण पदक जीते थे।

पीएम मोदी बोले – विलक्षण भाविना ने इतिहास रच दिया

इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाविनाबेन से फोन पर बात की और इस उपलब्धि पर उन्होंने बधाई दी। इसके पूर्व उन्होंने ट्वीट किया, ‘विलक्षण भाविना पटेल ने इतिहास रच दिया! वह ऐतिहासिक रजत पदक के साथ घर आएंगी। उसके लिए बधाई। उनकी जीवन यात्रा प्रेरित करने वाली है और अधिक युवाओं को खेलों की ओर आकर्षित करेगी।’

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular