1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. आईपीएल-19 : बीसीसीआई ने घोषित किया दूसरे चरण के 50 लीग मैचों का कार्यक्रम
आईपीएल-19 : बीसीसीआई ने घोषित किया दूसरे चरण के 50 लीग मैचों का कार्यक्रम

आईपीएल-19 : बीसीसीआई ने घोषित किया दूसरे चरण के 50 लीग मैचों का कार्यक्रम

0
Social Share

नई दिल्ली, 26 मार्च। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL)-19 के दूसरे चरण का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। इसके साथ ही दुनिया की सर्वाधिक लोकप्रिय क्रिकेट लीग का पूरा शेड्यूल अब सामने आ गया है। बीसीसीआई ने गत 11 मार्च को पहले 20 मैचों का कार्यक्रम जारी किया था और अब लीग चरण के शेष 50 मैचों का कार्यक्रम घोषित किया।

13 अप्रैल से 24 मई के बीच दूसरे चरण के 50 लीग मैच खेले जाएंगे

उल्लेखनीय है कि आईपीएल 2026 में 10 टीमें खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगी। बीसीसीआई ने एक बयान में कहा, ‘लीग चरण के शेष 50 मैच 13 अप्रैल से 24 मई 2026 तक भारत के 12 स्टेडियमों में खेले जाएंगे।

दूसरे चरण के मैच बेंगलुरु, मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, दिल्ली, अहमदाबाद, हैदराबाद, लखनऊ, जयपुर, धर्मशाला, रायपुर और नई चंडीगढ़ में खेले जाएंगे। बयान के अनुसार टूर्नामेंट के निर्णायक चरण में प्रवेश करने के साथ ही टीमें प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए विभिन्न स्थानों पर प्रतिस्पर्धा करेंगी और लीग चरण के उत्तरार्ध में मुकाबला और भी कड़ा होने की उम्मीद है।

SRH बनाम RR मैच से होगी दूसरे चरण की शुरुआत

निर्धारित शेड्यूल के अनुसार 13 अप्रैल को हैदराबाद में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) और राजस्थान रॉयल्स (RR) के बीच होने वाले मैच से दूसरे चरण की शुरुआत होगी, जो रोमांचक मुकाबलों की शुरुआत का संकेत देगा। बीसीसीआई ने कहा, ‘फैंस टूर्नामेंट के इस रोमांचक चरण का इंतजार कर सकते हैं क्योंकि टीमें लीग चरण के अंतिम सप्ताहों से पहले प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए जमकर संघर्ष करेंगी। दूसरे चरण में आठ डबल हेडर मैच होंगे, जिनमें दोपहर के मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 3.30 बजे और शाम के मैच भारतीय समयानुसार शाम 7.30 बजे शुरू होंगे।

IPL 2026 का कार्यक्रम घोषित : रिकॉर्ड 84 मैच खेले जाएंगे, चैम्पियन RCB व SRH के बीच उद्घाटन मुकाबला

बीसीसीआई के अनुसार पंजाब किंग्स टीम अपने घरेलू मैच न्यू चंडीगढ़ और धर्मशाला में खेलेगी, जिनमें से तीन मैच धर्मशाला में होंगे। इस चरण में राजस्थान रॉयल्स की टीम अपने चार घरेलू मैच जयपुर में खेलेग जबकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के तीन घरेलू मैच बेंगलुरु में और दो मैच रायपुर में होंगे।

KKR व DC के बीच 24 मई को होगा लीग चरण का आखिरी मैच

लीग का आखिरी मैच 24 मई को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बीच खेला जाएगा। वहीं मुंबई इंडियंस अपना आखिरी लीग मैच राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ 24 मई को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेलेगा, जो दोपहर का मैच होगा।

प्लेऑफ के आयोजन स्थलों की घोषणा बाद में की जाएगी

आईपीएल की औपचारिक शुरुआत मौजूदा चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच मुकाबले से होगी। क्रिकेट बोर्ड ने कहा कि प्लेऑफ के आयोजन स्थलों की घोषणा बाद में की जाएगी।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code