बैंक, वाहन व रियल्टी ने शेयर बाजार को दी मजबूती, सेंसेक्स 919 अंक चढ़ा, निफ्टी 24000 के पार
मुंबई, 10 अप्रैल। वैश्विक बाजारों के सकारात्मक रुख के बीच बैंक, वाहन और रियल्टी सेक्टर में जमकर खरीदारी आने से घरेलू शेयर बाजार कारोबारी सप्ताह के अंतिम दिन शुक्रवार को अच्छी बढ़त के साथ बंद हुआ। बीएसई सेंसेक्स 919 अंक उछलकर जहां फिर 77,500 के पार पहुंच गया वहीं एनएसई निफ्टी 275.50 अंकों की बढ़त से 24,000 का स्तर पार करने में सफल रहा।
कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से भी निवेशकों की धारणा मजबूत
विश्लेषकों की मानें तो पश्चिम एशिया संकट में अस्थायी सीजफायर के दौरान अमेरिका-ईरान वार्ता की तैयारी के बीच कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से भी निवेशकों की धारणा मजबूत हुई। हालांकि आईटी सेक्टर में बड़ी बिकवाली देखने को मिली।
सेंसेक्स 1.20 प्रतिशत चढ़कर 77,550.25 अंक पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 918.60 अंक यानी 1.20 प्रतिशत चढ़कर 77,550.25 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय सेंसेक्स 990.85 अंक उछलकर 77,622.50 के स्तर तक चला गया था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 25 के शेयर लाभ में रहे जबकि पांच में कमजोरी दिखी।
निफ्टी 275.50 अंक बढ़कर 24,050.60 पर बंद
वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 275.50 अंक यानी 1.16 प्रतिशत बढ़कर 24,050.60 अंक पर पहुंच गया। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 42 के स्टॉक चढ़कर बंद हुए तो आठ में गिरावट दर्ज की गई। व्यापक बाजार में छोटी कम्पनियों का बीएसई स्मालकैप सेलेक्ट सूचकांक 1.64 प्रतिशत चढ़कर बंद हुआ जबकि मझोली कम्पनियों का मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक 1.50 प्रतिशत की बढ़त में रहा।
ऑटो सेक्टर में सर्वाधिक 2.75 प्रतिशत की तेजी रही
सेक्टोरल इंडेक्स देखें तो ऑटो सेक्टर में सर्वाधिक 2.75 प्रतिशत की तेजी रही जबकि पूंजीगत उत्पाद खंड में 2.27 प्रतिशत, टिकाऊ उपभोक्ता खंड में 2.20 प्रतिशत और औद्योगिक खंड में 2.19 प्रतिशत की बढ़त रही। इसके उलट, बीएसई आईटी और फोकस आईटी खंड नुकसान में रहे।
एशियन पेंट्स के स्टॉक सर्वाधिक 3.84 फीसदी चढ़े
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में एशियन पेंट्स के स्टॉक सर्वाधिक 3.84 फीसदी चढ़े। आईसीआईसीआई बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, इंटरग्लोब एविएशन (यानी इंडिगो), एक्सिस बैंक और भारतीय स्टेट बैंक के शेयर भी प्रमुख रूप से लाभ में रहे। दूसरी तरफ, सन फार्मा, इन्फोसिस, टीसीएस, टेक महिंद्रा और एचसीएल टेक के शेयरों में गिरावट का रुख रहा।
एफआईआई ने 1,711.19 करोड़ रुपये के शेयर बेचे
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने गुरुवार को 1,711.19 करोड़ रुपये के शेयर बेचे जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 955.90 करोड़ रुपये की खरीदारी की। इस बीच, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.57 प्रतिशत बढ़कर 96.47 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
