बेंगलुरु के किशोरवय शतरंज खिलाड़ी प्रणव आनंद बने भारत के 76वें ग्रैंडमास्टर

चेन्नई, 16 सितम्बर। बेंगलुरु के किशोरवय शतरंज खिलाड़ी प्रणव आनंद भारत के 76वें ग्रैंडमास्टर बन गए हैं। उन्होंने रूमेनिया के मामाइया में चल रही विश्व युवा शतरंज चैंपियनशिप में 2500 ईएलओ रेटिंग की संख्या पार करने के साथ यह उपलब्धि हासिल की। 15 वर्षीय खिलाड़ी ने ग्रैंडमास्टर उपाधि हासिल करने के लिए बाकी मानदंडों को पहले ही पूरा कर दिया था।

प्रणव ने जुलाई में बील शतरंज महोत्सव के दौरान हासिल किया था तीसरा जीएम नॉर्म

ग्रैंडमास्टर बनने के लिए किसी भी खिलाड़ी को तीन ग्रैंड मास्टर नॉर्म हासिल करने होते हैं। इसके अलावा उसकी ‘लाइव रेटिंग’ 2500 ईएलओ अंकों से अधिक होनी चाहिए। प्रणव ने तीसरा और अंतिम ग्रैंडमास्टर नॉर्म जुलाई में स्विट्जरलैंड में खेले गए बील शतरंज महोत्सव में हासिल किया था जबकि पहले दो ग्रैंडमास्टर नॉर्म सिटजेस ओपन (जनवरी, 2022) और वेजरकेप्सो राउंड रॉबिन (मार्च, 2022) प्रतियोगिताओं में हासिल किए थे।

प्रणव के कोच वी. सर्वनन ने विश्व युवा शतरंज चैंपियनशिप के अंडर-16 वर्ग के नौवें दौर में प्रणव की जीत के बाद कहा, “वह शतरंज के प्रति जुनूनी है वह इस खेल को बहुत चाहता है और घंटों तक अभ्यास करने के लिए तैयार रहता है। वह गणना करने और ‘एंड गेम’ में विशेष रूप से अच्छा है। अभी ये दोनों उसके मजबूत पक्ष हैं।”

RELATED ARTICLES

Most Popular