1. Home
  2. हिन्दी
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. बालेंद्र शाह बने नेपाल के 47वें प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति ने दिलाई शपथ, पीएम मोदी ने दी बधाई
बालेंद्र शाह बने नेपाल के 47वें प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति ने दिलाई शपथ, पीएम मोदी ने दी बधाई

बालेंद्र शाह बने नेपाल के 47वें प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति ने दिलाई शपथ, पीएम मोदी ने दी बधाई

0
Social Share

काठमांडू, 27 मार्च। नेपाल में ‘जेन जेड’ के विरोध प्रदर्शन के कारण के पी शर्मा ओली नीत सरकार के सत्ता से अपदस्थ होने के छह महीने बाद, बालेंद्र शाह ‘बालेन’ ने नेपाल के लोकतांत्रिक तरीके से निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में शुक्रवार को शपथ ली। रैपर से नेता बने राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (आरएसपी) के 35 वर्षीय बालेन ने शीतल निवास स्थित राष्ट्रपति कार्यालय में अपराह्न 12 बजकर 34 मिनट के ‘शुभ मुहूर्त’ में शपथ ली।

बालेन नेपाल के प्रधानमंत्री का पद संभालने वाले सबसे युवा नेता हैं और वह कार्यपालिका का शीर्ष पद संभालने वाले मधेश क्षेत्र के पहले व्यक्ति भी हैं। उन्हें राष्ट्रपति राम चंद्र पौडेल ने संविधान के अनुच्छेद 76 (1) के अनुसार 47वें प्रधानमंत्री के रूप में शुक्रवार को नियुक्त किया। बालेन पूर्व प्रधानमंत्री ओली के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार के पिछले साल सितंबर में सत्ता से बेदखल होने के बाद शपथ लेने वाले लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित पहले प्रधानमंत्री हैं। भ्रष्टाचार, भाई-भतीजावाद और सोशल मीडिया पर प्रतिबंध के खिलाफ युवाओं के नेतृत्व वाला ‘जेन-जेड’ विरोध प्रदर्शन हिंसक हो गया था जिसके बाद ओली सरकार को अपदस्थ होना पड़ा।

बालेन के शपथ ग्रहण समारोह में हिंदू और बौद्ध धार्मिक परंपराओं का अनोखा संगम देखने को मिला। समारोह में विस्तृत धार्मिक अनुष्ठान किए गए। इस दौरान सात ब्राह्मणों ने शंखनाद किया, 108 हिंदू बटुकों या युवा ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रोच्चारण किया या स्वस्ति वाचन किया और 107 लामाओं ने मंगल वाचन अथवा बौद्ध धर्मग्रंथों का पाठ किया।
सूत्रों ने बताया कि बालेन संभवत: 15 से 18 मंत्रियों वाला एक छोटा मंत्रिमंडल गठित करेंगे। पांच मार्च को हुए आम चुनाव में काठमांडू के पूर्व महापौर ने झापा-5 निर्वाचन क्षेत्र से ओली को भारी अंतर से हराया था। आरएसपी ने चुनाव में प्रतिनिधि सभा की कुल 275 सीट में से 182 सीट जीतकर भारी विजय हासिल की।

पीएम मोदी ने बालेंद्र शाह को दी बधाई

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नेपाल के नए प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेने पर बालेंद्र शाह ‘बालेन’ को शुक्रवार को बधाई देते हुए कहा कि वह दोनों देशों के पारस्परिक हित में भारत-नेपाल संबंधों को और गहरा करने के लिए मिलकर काम करने के वास्ते उत्साहित हैं।

मोदी ने ‘एक्स’ पर एक संदेश में कहा, ”बालेंद्र शाह को नेपाल के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेने पर हार्दिक बधाई। आपकी नियुक्ति नेपाल की जनता द्वारा आपके नेतृत्व में जताए गए विश्वास को दर्शाती है। मैं हमारे दोनों देशों के लोगों के पारस्परिक हित में भारत-नेपाल मित्रता एवं सहयोग को नयी ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए आपके साथ निकटता से काम करने के वास्ते उत्साहित हूं।”

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code