यूपी में बकरीद की छुट्टी में बदलाव, अब 28 मई को सार्वजनिक अवकाश
लखनऊ, 26 मई। उत्तर प्रदेश सरकार ने ईद-उल-अजहा (बकरीद) के सार्वजनिक अवकाश की तारीख में बदलाव किया है। पूर्व घोषित 27 मई, बुधवार की जगह अब 28 मई, गुरुवार को पूरे प्रदेश में बकरीद का सार्वजनिक अवकाश रहेगा।
सामान्य प्रशासन अनुभाग की ओर से मंगलवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार वर्ष 2026 की अवकाश सूची में बकरीद की छुट्टी 27 मई को तय की गई थी, लेकिन चांद के दीदार के आधार पर तारीख परिवर्तनीय थी। चूंकि प्रदेश में बकरीद का पर्व अब 28 मई को मनाया जाएगा, इसलिए शासन ने छुट्टी की तिथि में संशोधन कर दिया है.
प्रमुख सचिव एसवीएस रंगा राव द्वारा जारी इस आदेश में कहा गया है कि 17 नवम्बर 2025 की विज्ञप्ति संख्या-671/तीन-2025-39(2)/2016 में घोषित अवकाश सूची के क्रमांक-12 को संशोधित माना जाए। अब 28 मई गुरुवार को सभी सरकारी कार्यालय, स्कूल, कॉलेज और बैंक बंद रहेंगे।
यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। इसकी प्रतिलिपि सभी अपर मुख्य सचिवों, प्रमुख सचिवों, राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव, मुख्यमंत्री कार्यालय, उच्च न्यायालय प्रयागराज, महालेखाकार, सभी मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों, विधान सभा, विधान परिषद, भारत सरकार के वित्त व गृह मंत्रालय, आरबीआई कानपुर और लखनऊ समेत 16 प्रमुख विभागों को भेजी गई है।
गौरतलब है कि इससे पहले गत 24 मई को बैठक कर मुख्यमंत्री योगी ने बकरीद पर्व को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए थे। उन्होंने स्पष्ट कहा था कि बकरीद के अवसर पर सार्वजनिक स्थलों पर पशुओं की कुर्बानी की अनुमति नहीं होगी। प्रतिबंधित पशुओं की कुर्बानी पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए हैं कि नमाज केवल परंपरागत स्थलों पर ही पढ़ी जाए तथा सड़क मार्ग अवरुद्ध कर नमाज की अनुमति किसी भी स्थिति में न दी जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जिले में कुर्बानी के बाद अपशिष्ट निस्तारण की सुनियोजित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
