1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. बैडमिंटन एशिया चैम्पियनशिप : आयुष व उन्नति का उलटफेर, सिंधु व प्रणय भी जीते, किदांबी व लक्ष्य मायूस
बैडमिंटन एशिया चैम्पियनशिप : आयुष व उन्नति का उलटफेर, सिंधु व प्रणय भी जीते, किदांबी व लक्ष्य मायूस

बैडमिंटन एशिया चैम्पियनशिप : आयुष व उन्नति का उलटफेर, सिंधु व प्रणय भी जीते, किदांबी व लक्ष्य मायूस

0
Social Share

निंगबो (चीन), 8 अप्रैल। भारत के उभरते शटलर आयुष शेट्टी व उन्नति हुड्डा ने बुधवार को यहां बैंक ऑफ निंगबो बैडमिंटन एशिया चैम्पियनशिप में बड़ा उलटफेर किया और उच्च वरीय प्रतिद्वंद्वियों को हराकर दूसरे दौर में जगह बना ली। इस क्रम में 20 वर्षीय आयुष ने दुनिया के सातवें नंबर के चीनी दिग्गज लिन शी फेंग को स्तब्ध किया तो 18 वर्षीय उन्नति ने 11वीं रैंकिंग की थाई स्टार सुपानिडा केटथांग को चौंका दिया।

वहीं पूर्व विश्व चैम्पियन पीवी सिंधु और अनुभवी एचएस प्रणय भी प्री क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए। लेकिन किदांबी श्रीकांत, देश के मौजूदा शीर्षस्थ शटलर लक्ष्य सेन के साथ ही मालविका बंसोड़ व तन्वी शर्मा को पहले दौर में ही मायूसी हाथ लगी।

शेट्टी ने पांचवीं सीड लिन को सीधे गेमों में मात दी

निंगबो ओलम्पिक स्पोर्ट्स सेंटर के कोर्ट नंबर चार पर उतरे अमेरिकी ओपन 2025 चैम्पियन आयुष ने पांचवें वरीय लिन को 51 मिनट में 21-13, 21-16 से शिकस्त दे दी। दोनों गेमों में लिन की अच्छी शुरुआत के बावजूद विश्व रैंकिंग में 25वें  क्रम पर काबिज 20 वर्षीय आयुष ने दबदबा बनाया और अंतिम 16 में पहुंच गए। आयुष की अब विश्व नंबर 20 चीनी ताइपे के ची यू जेन से मुलाकात होगी।

आयुष ने दोनों गेमों में पिछड़ने के बाद वापसी की

लिन ने शुरुआत में ही 4-1 की बढ़त बना ली, लेकिन आयुष ने शानदार वापसी करते हुए स्कोर 7-7 से बराबर कर दिया। इसके बाद उन्होंने धीरे-धीरे खेल पर नियंत्रण बनाकर पहला गेम अपने नाम कर दिया।

दूसरे गेम में भी चीनी शटलर ने अच्छी शुरुआत से 4-1 से बढ़त हासिल की और फिर इसे 12-9 तक पहुंचाया, लेकिन आयुष ने लगातार छह अंक बनाकर मैच का रुख पलट दिया और स्कोर 18-13 कर दिया। लिन ने अंतर कम करते हुए स्कोर 16-18 कर दिया, लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने अपना संयम बनाए रखा और लगातार तीन अंकों के साथ खिताब के दावेदार माने जा रहे लिन को बाहर का रास्ता दिखा दिया।

उन्नति ने थाई स्टार केटथांग को तीन गेंमों के संघर्ष में मात दी

उधर महिला एकल में कोर्ट नंबर दो पर खेले गए दिन के 15वें मैच में विश्व नंबर 27 उन्नति ने 72 मिनट तक खिंचे कड़े संघर्ष में पहला गेम 23 पर गंवाने के बाद जबर्दस्त वापसी की और केटथांग को 23-25, 21-8, 21-18 से शिकस्त दे दी। उन्नति को दूसरे दौर में भी कड़ी चुनौती झेलनी पड़ेगी, जब उनके सामने विश्व नंबर नौ जापानी टोमोका मियाजाकी पड़ेंगी।

सिंधु को मलेशियाई वोंग लिंग के खिलाफ 67 मिनट तक जूझना पड़ा

पूर्व विश्व नंबर एक सिंधु ने कोर्ट नंबर चार पर 67 मिनट तक संघर्ष करना पड़ा और उन्होंने पहला गेम गंवाने के बाद मलेशिया की वोंग लिंग चिंग को 15-21, 21-11, 21-19 से परास्त किया। BWF विश्व रैंकिंग में 13 नंबर की दिग्गज शटलर की अब प्री क्वार्टर फाइनल में दुनिया की दूसरे नंबर की चीनी स्टार वांग झी यी से मुलाकात होगी। दोनों का पिछले मुकाबलों में जीत-हार का रिकॉर्ड 3-3 का रहा है।

प्रणय ने वियतनाम के एनगुएन हेई डांग को शिकस्त दी

पुरुष एकल में अनुभवी प्रणय ने कोर्ट नंबर एक पर वियतनाम के एनगुएन हेई डांग को 47 मिनट में 24-22, 21-12 से हराया। विश्व नंबर 35 प्रणय का दूसरे दौर में चीन के होंग यांग से सामना होगा, जिन्हें पहले दौर में वॉकओवर मिला।

श्रीकांत आठवीं सीड से हारे, लक्ष्य सीधे गेमों में परास्त

लेकिन प्रणय के मुकाबले से ठीक पहले कोर्ट नंबर एक पर ही पूर्व विश्व नंबर एक किदांबी श्रीकांत कड़े संघर्ष के बावजूद हार गए। विश्व नंबर 30 श्रीकांत पहला गेम जीतने के बाद लय कायम नहीं रख सके और उन्हें आठवीं सीड सिंगापुर के लो कीन येव के हाथों 52 मिनट में 21-18, 9-21, 11-21 से मात खानी पड़ी। वहीं विश्व रैंकिंग में 12वें नंबर पर काबिज लक्ष्य को हांग कांग के ली चियुक यिउ ने 41 मिनट में 21-12, 21-19 से हरा दिया।

महिला एकल के अन्य मुकाबलों में मालविका को थाईलैंड की बुसानन ओंगबामरुंगफेन ने 41 मिनट में 21-10, 21-19 से हराया तो मलेशिया की कारुपाथेवन लेटशाना ने तन्वी शर्मा को 41 मिनट में ही 21-19, 21-14 से परास्त किया।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code