1. Home
  2. हिंदी
  3. खेल
  4. बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल : अविनाश साबले और प्रियंका गोस्वामी ने एथलेटिक्स में भारत को दिलाया रजत पदक
बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल : अविनाश साबले और प्रियंका गोस्वामी ने एथलेटिक्स में भारत को दिलाया रजत पदक

बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेल : अविनाश साबले और प्रियंका गोस्वामी ने एथलेटिक्स में भारत को दिलाया रजत पदक

0
Social Share

बर्मिंघम, 6 अगस्त। भारतीय एथलीटों ने यहां बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में शनिवार को दिन ढलने के पहले ही ट्रैक एंड फील्ड मुकाबलों में देश के लिए दो रजत पदक जीत लिए। दिन की शुरुआत प्रियंका गोस्वामी ने की, जब उन्होंने महिलाओं की 10 हजार मीटर पद चाल स्पर्धा में दूसरा स्थान हासिल किया और उनके बाद अविनाश मुकुंद साबले ने पुरुषों की तीन हजार मीटर स्टीपल चेज (पानी बाधा दौड़) में चांदी की चमक बिखेरी।

भारत के खाते में अब तक 9 स्वर्ण सहित 28 पदक

एथलेटिक्स मुकाबलों में भारत का यह चौथा पदक था। अविनाश और प्रियंका के पूर्व तेजस्विन शंकर ऊंची कूद में कांस्य पदक जीत चुके हैं जबकि लंबी कूद में मुरली श्रीशंकर ने  रजत पदक जीता है। इसके साथ ही भारत इन खेलों में अब तक नौ स्वर्ण, 10 रजत व नौ कांस्य सहित कुल 28 पदक जीत चुका है।

3000 मीटर स्टीपलचेज में अविनाश ने बनाया राष्ट्रीय रिकॉर्ड

पिछले वर्ष ओरेगन विश्व चैंपियनशिप में 11वें स्थान पर रहे 27 वर्षीय अविनाश साबले ने 3000 मीटर स्टीपलचेज में निर्धारित दौड़ 8 मिनट 11.20 सेकेंड में पूरी की और अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय निकालने के साथ खुद का राष्ट्रीय रिकॉर्ड (8:12.48) पीछे छोड़ा। केन्या के अब्राहम किबिवोट (8:11.15) ने स्वर्ण पदक जीता जबकि उन्हीं के देशवासी अमोस सीरम (8:16.83) तीसरा स्थान हासिल किया।

 

10 हजार मी. पद चाल में पदक जीतने वाली देश की पहली महिला बनीं प्रियंका

इसके पूर्व दिन में प्रियंका गोस्वामी ने महिलाओं की 10,000 मीटर पैदल चाल स्पर्धा में पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनकर नया इतिहास रचा। हरमिंदर सिंह 2010 के दिल्ली राष्ट्रमंडल खेलों में 20 किमी पैदल चाल में कांस्य पदक जीतने वाले पहले भारतीय बने थे।

गोस्वामी ने व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय के साथ जीता रजत

गोस्वामी ने व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय 43 मिनट 38.83 सेकेंड के साथ ऑस्ट्रेलिया की जेमिमा मोंटाग (42:34.30) के बाद दूसरा स्थान हासिल किया। केन्या की एमिली वामुस्यी नगी (43:50.86) ने कांस्य पदक जीता। एक अन्य भारतीय भावना जाट 47:14.13 के व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय के साथ आठवें और अंतिम स्थान पर रहीं।

पीएम मोदी ने अविनाश व प्रियंका को दी बधाई

इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अविनाश साबले और प्रियंका गोस्वामी को इस उपलब्धि पर बधाई दी है। पीएम मोदी ने अविनाश के लिए ट्वीट किया, ‘अविनाश साबले एक उल्लेखनीय युवा खिलाड़ी हैं। मुझे खुशी है कि उन्होंने पुरुषों की 3000 मीटर स्टीपलचेज़ स्पर्धा में रजत पदक जीता है। हमारी हालिया बातचीत को साझा करते हुए जहां उन्होंने सेना के साथ अपने जुड़ाव के बारे में बात की और बताया कि कैसे उन्होंने कई बाधाओं को पार किया। उनकी जीवन यात्रा बहुत प्रेरक है।’

पीएम मोदी ने प्रियंका को बधाई देते हुए ट्वीट किया, ‘हमारी राष्ट्रीय रेस वॉकिंग चैंपियन प्रियंका गोस्वामी को प्रतिष्ठित रजत पदक जीतने के लिए बधाई। इस पदक से, उन्होंने भारत में कई युवाओं को इस खेल को अपनाने के लिए प्रेरित किया है। वह आने वाले समय में सफलता की नई ऊंचाइयों को छुएं।’

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code