1. Home
  2. हिंदी
  3. खेल
  4. हांगझू एशियाई खेल : नीरज चोपड़ा और पुरुषों की चार गुणा 400 मीटर रिले टीम की अगुआई में एथलीटों ने जीते 7 पदक
हांगझू एशियाई खेल : नीरज चोपड़ा और पुरुषों की चार गुणा 400 मीटर रिले टीम की अगुआई में एथलीटों ने जीते 7 पदक

हांगझू एशियाई खेल : नीरज चोपड़ा और पुरुषों की चार गुणा 400 मीटर रिले टीम की अगुआई में एथलीटों ने जीते 7 पदक

0
Social Share

हांगझू, 4 अक्टूबर। ‘गोल्डन ब्वॉय’ नीरज चोपड़ा व पुरुषों की चार गुणा 400 मीटर रिले टीम की अगुआई में भारतीय एथलीटों ने यहां एशियाई खेलों की ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धाओं में बुधवार को फिर हनक दिखाई और दो स्वर्ण, चार रजत व एक कांस्य सहित सात पदक जीत लिए।

मौजूदा ओलम्पिक चैम्पियन व विश्व विजेता नीरज चोपड़ा ने हांगझू ओलम्पिक स्पोर्ट्स सेंटर स्टेडियम में 88.88 मीटर के थ्रो से लगातार दूसरी बार स्वर्णिम उपलब्धि अर्जित की तो उनके साथी किशोर कुमार जेना रजत पदक जीतने में सफल रहे। वहीं मुहम्मद अनस यहिया, अमोज जैकब, मुहम्मद अजमल वरियाथोडी व राजेश रमेश की चौकड़ी ने नए राष्ट्रीय रेकॉर्ड के बीच स्वर्णिम सफलता के साथ दिन की स्पर्धाओं का समापन किया।

दूसरी तरफ अविनाश साबले और हरमिलन बैंस ने जहां क्रमशः पुरुषों की 5000 मीटर व महिलाओं की 800 मीटर दौड़ में रजत पदक जीते वहीं विथ्या रामराज, ऐश्वर्या कैलाश मिश्र, प्राची और सुभा वेंकटेशन की भारतीय महिला टीम ने महिलाओं की 4×400 मीटर रिले में रजत पदक पर अधिकार किया जबकि राम बाबू और मंजू रानी ने 35 किमी रेस वॉक मिश्रित टीम स्पर्धा में कांस्य पदक के साथ दिन की शुरुआत की थी।

एथलेटिक्स में भारत ने अब तक जीते 6 स्वर्ण सहित 29 पदक

इसके साथ ही एथलेटिक्स स्पर्धाओं में भारतीय दल ने अब तक छह स्वर्ण, 14 रजत व नौ कांस्य सहित 29 पदक जीते हैं। गुरुवार को महिला व पुरुष मैराथन के साथ ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धाओं समापन हो जाएगा।

18 स्वर्ण सहित 81 पदकों के साथ भारत पदक तालिका में चौथे स्थान पर कायम

वैसे एशियाई खेलों में 11वें दिन के समापन पर गौर करें तो भारतीय दल जकार्ता (2018) में जीते गए 70 पदकों (16+23+31) के अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन को पीछे छोड़ चुका और अब तक 18 स्वर्ण, 31 रजत व 32 कांस्य सहित कुल 81 पदकों के साथ पदक तालिका में चौथे स्थान पर कायम है। वहीं मेजबान चीन मेजबान चीन (171+94+51=316), जापान (37+51+59=147) व कोरिया (33+45+70=148) क्रमशः पहले तीन स्थानों पर हैं जबकि भारत के पीछे उज्बेकिस्तान (16+16+22=54) पांचवें नंबर पर चल रहा है।

पुरुष 4x400 मीटर रिले टीम ने बनाया नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड

फिलहाल भारत ने दिन का समापन स्वर्ण पदक के साथ किया, जब मुहम्मद अनस, अमोज जैकब, मुहम्मद अजमल और राजेश रमेश की भारतीय पुरुष 4×400 मीटर रिले टीम ने नए राष्ट्रीय रिकॉर्ड समय 3:01.58 में बाजी मारी। हालांकि भारतीय चौकड़ी बुडापेस्ट विश्व चैम्पियनशिप के अपने प्रदर्शन की बराबरी नहीं कर सकी, जहां वह पांचवें स्थान पर रहते हुए 2:59.05 का एशियाई रिकॉर्ड दर्ज करने में सफल हुई थी।

मुहम्मद अनस 0.166 समय के साथ ब्लॉक से तेजी से बाहर निकलने वाले पहले धावक थे। उन्होंने भारत को अच्छी बढ़त दिलाने में मदद की। उनके बाद अमोज जैकब और मुहम्मद अजमल बढ़त कायम रखी और अंत में राजेश रमेश ने कतर (3:02.05) और श्रीलंकाई (3:02.55) धावकों से आगे रहते हुए देश के लिए स्वर्णिम आभा बिखेर दी।

3000 मीटर स्टीपलचेज में स्वर्ण के बाद साबले ने 5000 मीटर दौड़ में रजत जीता

इस बीच दो दिन पहले 3000 मीटर स्टीपलचेज में खेलों के नए रिकॉर्ड के साथ एथलेटिक्स में भारत के लिए पहला स्वर्ण पदक जीतने वाले अविनाश साबले ने पुरुषों की 5000 मीटर में रजत पदक पर अधिकार किया। 29 वर्षीय भारतीय धावक ने 13:21.09 के समय के साथ अपनी दौड़ पूरी की।

1982 के दिल्ली एशियाड के बाद इस स्पर्धा में भारत को पहली बार पदक

वस्तुतः 1982 के दिल्ली एशियाड में राज कुमार के कांस्य पदक के बाद इस स्पर्धा में भारत को पहली बार पदक मिला। बहरीन के बिरहानु यमाताव ने 13:17.40 के साथ एशियाई खेलों का रिकॉर्ड तोड़ते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया जबकि उनके हमवतन और 2019 एशियाई चैम्पियन दावित फिकाडु ने 13:25.63 समय के साथ कांस्य पदक जीता। भारत के गुलवीर सिंह ने 13:29.93 का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए चौथा स्थान हासिल किया।

मां के बाद बेटी ने भी 800 मीटर दौड़ में रजत जीत लिया

दूसरी तरफ अपनी मां के पदचिह्नों पर चलते हुए मेरठवासी हरमिलन बैंस ने महिलाओं की 800 मीटर दौड़ में 2:03:75 समय के साथ रजत पदक जीता। स्मरण रहे कि जब हरमिलन चार वर्ष की थीं, तब उनकी मां माधुरी सिंह ने बुसान 2002 में इसी स्पर्धा में रजत पदक जीता था। पिछले वर्ष चोट के कारण काफी मुश्किलों का सामना करने वालीं हरमिलन ने बीते सोमवार को महिलाओं की 1500 मीटर स्पर्धा में भी रजत पदक जीता था।

हरमिलन दो दिन पूर्व 1500 मीटर दौड़ में दूसरे स्थान पर रही थीं

श्रीलंका की 18 वर्षीय थारुशी दिसानायका ने 2:03.20 समय में हरमिलन बैंस से आगे रहकर स्वर्ण पदक जीता। चीन की वांग चुन्यु 2:03.90 समय के साथ तीसरे स्थान पर रहे। भारत की चंदा अपनी हीट में शीर्ष पर रहीं, लेकिन फाइनल में 2:05.69 समय के साथ उन्होंने सातवां स्थान हासिल किया।

विथ्या रामराज ने मौजूदा खेलों में जीता तीसरा पदक

उधर विथ्या रामराज चार गुणा 400 मीटर मिक्स्ड रिले और 400 मीटर बाधा दौड़ में कांस्य पदक जीतने के बाद मौजूदा खेलों का तीसरा पदक जीतने में सफल रहीं। आज विथ्या, ऐश्वर्या कैलाश मिश्रा, प्राची और सुभा वेंकटेशन की टीम ने 4×400 मीटर महिला रिले स्पर्धा में 3:27.85 के समय के साथ रजत पदक जीता। बहरीन ने 3:27.65 के एशियाई खेलों के रिकॉर्ड के साथ स्वर्ण जीता जबकि श्रीलंकाई टीम 3:30.88 सेकेंड के साथ कांस्य पदक जीता।

35 किमी रेस वॉक मिश्रित टीम स्पर्धा में रामबाबू व मंजू रानी को कांस्य

इसके पूर्व दिन की शुरुआत 35 किमी रेस वॉक मिश्रित टीम स्पर्धा से हुई थी, जब राम बाबू और मंजू रानी ने 5:51:14 के समय के साथ कांस्य पदक जीता था। चीनी रेस वॉकर ने (5:16:41) स्वर्ण पदक और जापान ने (5:22:11) रजत पदक अपने नाम किया।

वहीं सर्वेश अनिल कुशारे और संदेश जेसी ने पुरुषों की ऊंची कूद में प्रतिस्पर्धा की, लेकिन वह पोडियम पर जगह नहीं बना सके। इसके अलावा महिलाओं की ट्रिपल जंप फाइनल में भारत की शीना नेल्लिकल वर्की छठे स्थान पर रहीं।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code