गांधीनगर, 26 अक्टूबर। एशियन पैरा गेम्स (Asian Para Games) 2026 में गुजरात के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आठ पदक अपने नाम किए। जापान के आइची-नागोया में आयोजित प्रतियोगिता में गुजरात के खिलाड़ियों ने एक गोल्ड, दो सिल्वर और पांच ब्रॉन्ज मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। साबरकांठा की अंजना बंबडिया ने महिलाओं की 400 मीटर टी47 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर राज्य को गौरवान्वित किया। वहीं, तेजलबेन डामोर, निमिषा, राकेश भट्ट, भाविनाबेन पटेल और सोनलबेन पटेल ने भी पदक जीतकर गुजरात का मान बढ़ाया।
अंजना बंबडिया ने 400 मीटर दौड़ में जीता गोल्ड
गुजरात के साबरकांठा की अंजना बंबडिया ने महिलाओं की 400 मीटर टी47 स्पर्धा में 59.97 सेकंड का समय निकालकर पहला स्थान हासिल किया। उनकी इस उपलब्धि ने गुजरात के पदक अभियान को खास बना दिया। साबरकांठा की ही तेजलबेन डामोर ने भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने महिलाओं की 400 मीटर टी12 स्पर्धा में 57.60 सेकंड का समय निकालकर रजत पदक जीता। इसके अलावा, महिलाओं की 200 मीटर टी12 स्पर्धा में 25.23 सेकंड के समय के साथ दूसरा स्थान हासिल कर एक और सिल्वर मेडल अपने नाम किया। गांधीनगर की निमिषा ने लॉन्ग जंप की टी47 स्पर्धा में 5.37 मीटर की छलांग लगाकर रजत पदक जीता।
राकेश भट्ट ने दो ब्रॉन्ज मेडल जीते
भावनगर के राकेश भट्ट ने स्प्रिंट स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो कांस्य पदक हासिल किए। उन्होंने पुरुषों की 100 मीटर दौड़ 11.50 सेकंड में पूरी कर तीसरा स्थान हासिल किया। इसके बाद 200 मीटर दौड़ में 23.64 सेकंड का समय निकालकर एक और ब्रॉन्ज मेडल जीता। राकेश की इस उपलब्धि ने प्रतियोगिता में गुजरात के पदकों की संख्या बढ़ाने में अहम योगदान दिया।
पैरा टेबल टेनिस में भाविनाबेन और सोनलबेन को कांस्य
गुजरात के खिलाड़ियों ने पैरा टेबल टेनिस में भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मेहसाणा की भाविनाबेन पटेल ने महिलाओं की सिंगल्स क्लास 4-5 स्पर्धा में कांस्य पदक जीता। वहीं, अहमदाबाद की सोनलबेन पटेल ने महिलाओं की क्लास 3 स्पर्धा में तीसरा स्थान हासिल कर ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित भाविनाबेन पटेल अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। पैरा टेबल टेनिस में उनका प्रदर्शन दिव्यांग खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक माना जाता है।
खिलाड़ियों को आर्थिक सहायता भी दे रही गुजरात सरकार
राज्य सरकार के अनुसार, खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने और बेहतर प्रदर्शन के लिए आर्थिक सहायता दी जाती रही है। भाविनाबेन पटेल को 2023 एशियन गेम्स में भाग लेने के लिए पांच लाख रुपये और 2024 पेरिस पैरालंपिक के लिए 10 लाख रुपये की सहायता दी गई थी। इसके अलावा, हांगझोऊ में आयोजित 2023 एशियन गेम्स में पदक जीतने पर उन्हें 50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि भी प्रदान की गई थी।
सोनलबेन पटेल को 2023 एशियन गेम्स में भाग लेने के लिए पांच लाख रुपये और 2024 पेरिस पैरालंपिक में हिस्सा लेने के लिए 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता मिली थी। निमिषा को 2023 एशियन गेम्स में भाग लेने के लिए पांच लाख रुपये दिए गए थे। राज्य सरकार के मुताबिक, हांगझोऊ एशियन गेम्स 2023 की लॉन्ग जंप स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतने पर उन्हें 30 लाख रुपये की पुरस्कार राशि भी दी गई। वहीं, राकेश भट्ट को एशियन गेम्स 2023 में भाग लेने के लिए पांच लाख रुपये की सहायता मिली थी।
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में खिलाड़ियों को प्रोत्साहन
गुजरात सरकार ने कहा कि खिलाड़ियों को आर्थिक सहायता और प्रोत्साहन देने की पहल मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व में जारी प्रयासों का हिस्सा है। सरकार का उद्देश्य प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रोत्साहित करना है। सरकार की ओर से जारी बयान में कहा गया कि गुजरात के पैरा-एथलीटों का प्रदर्शन उनकी मेहनत, प्रतिभा और दृढ़ संकल्प को दर्शाता है। उनकी उपलब्धियां दिव्यांग खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धी खेलों से जुड़ने और अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी पहचान बनाने के लिए प्रेरित कर सकती हैं।


