लखनऊ, 30 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शुक्रवार को लखनऊ में पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक करेंगे। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी चुनावों की रणनीति और भविष्य की कार्ययोजना पर मंथन होगा।
पार्टी का मुख्य जोर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और नेताओं व कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने पर रहेगा। केंद्रीय गृह मंत्री कार्यालय के आधिकारिक एक्स अकाउंट से गुरुवार को इस कार्यक्रम की जानकारी साझा की गई। पोस्ट में बताया गया कि अमित शाह शुक्रवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक करेंगे।
इस बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्री, प्रदेश के वरिष्ठ नेता और कार्यसमिति के सदस्य शामिल होंगे। माना जा रहा है कि बैठक में संगठन की मौजूदा स्थिति का आकलन करने के साथ चुनाव से पहले जमीनी स्तर पर पार्टी की पकड़ मजबूत करने की रणनीति तैयार की जाएगी।
बूथ, मंडल और शक्ति केंद्रों को मजबूत करने पर जोर
बैठक में संगठनात्मक तैयारियों का जायजा लेने के साथ पार्टी के आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा होगी। अमित शाह विभिन्न क्षेत्रों के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से संवाद कर सकते हैं। इसके जरिए संगठन की जमीनी स्थिति और कार्यकर्ताओं की सक्रियता का फीडबैक लिया जा सकता है।
इससे पहले भाजपा सांसद प्रियंका सिंह रावत ने बैठक का स्वागत करते हुए कहा था कि पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को अमित शाह के मार्गदर्शन का लाभ मिलेगा। उन्होंने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि बैठक में प्रदेश और केंद्र के अतिथि शामिल होंगे।
रावत के मुताबिक, पार्टी नेतृत्व आगामी कार्यक्रमों के आयोजन और संगठनात्मक इकाइयों को मजबूत करने के लिए दिशा-निर्देश देगा। इसके आधार पर बूथ, मंडल और शक्ति केंद्रों को और मजबूत बनाने का काम किया जाएगा। भाजपा के लिए यह बैठक इसलिए भी अहम मानी जा रही है, क्योंकि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव से पहले संगठन को सक्रिय करने और प्रदेशभर में अपनी चुनावी तैयारियों को धार देने में जुटी है।


