ट्रंप के ‘टैरिफ अटैक’ के बीच NSA अजीत डोभाल ने मॉस्को में राष्ट्रपति पुतिन से की मुलाकात
मॉस्को, 7 अगस्त। भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल ने गुरुवार को मॉस्को में रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की। यह मुलाकात ऐसे समय में हुई, जब एक दिन पहले ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूसी तेल आयात को लेकर भारत पर 25 फीसदी अतिरिक्त टैरिफ लगाने की घोषणा की थी।
मुलाकात का उद्देश्य
क्रेमलिन प्रेस सेवा द्वारा शेयर की गई एक वीडियो क्लिप में वार्ता से पहले डोभाल को पुतिन से हाथ मिलाते हुए देखा गया। डोभाल द्विपक्षीय ऊर्जा और रक्षा संबंधों पर महत्वपूर्ण वार्ता करने तथा इस वर्ष के अंत में राष्ट्रपति पुतिन की भारत यात्रा के लिए जमीन तैयार करने के उद्देश्य से मंगलवार को मॉस्को पहुंचे थे।
डोभाल ने इसके पूर्व रूसी सुरक्षा परिषद के सचिव सर्गेई शोइगु के साथ भी बैठक की। इस दौरान उन्होंने भारत-रूस के बीच ‘पुरानी, रणनीतिक और विशेषाधिकार प्राप्त’ साझेदारी पर जोर दिया। डोभाल ने कहा कि वैश्विक अनिश्चितता के इस दौर में भारत और रूस के बीच यह साझेदारी विशेष महत्व रखती है। उन्होंने यह भी बताया कि रूसी राष्ट्रपति पुतिन की भारत यात्रा की तारीखें लगभग तय हो चुकी हैं। यह पुतिन की फरवरी, 2022 में यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद भारत की पहली यात्रा होगी।
रक्षा और ऊर्जा सहयोग पर चर्चा
डोभाल की मॉस्को यात्रा का मुख्य उद्देश्य भारत-रूस रक्षा सहयोग को और मजबूत करना है। चर्चा में S-400 मिसाइल रक्षा प्रणाली की बाकी दो इकाइयों की डेलिवरी और भारत में S-400 के लिए रखरखाव सुविधा स्थापित करने की संभावनाएं शामिल हैं। इसके अलावा, Su-57 लड़ाकू विमानों की खरीद पर भी बातचीत होने की संभावना है।
मई, 2025 में भारत-पाकिस्तान के बीच 87 घंटे के संघर्ष के दौरान S-400 प्रणाली ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। इसके अलावा, रूस से तेल सप्लाई का मुद्दा भी चर्चा का प्रमुख हिस्सा रहा क्योंकि भारत 2022 के बाद से रूस से अपने तेल आयात को कई गुना बढ़ा चुका है और वर्तमान में रूस भारत का सबसे बड़ा तेल आपूर्तिकर्ता है।
