1. Home
  2. हिंदी
  3. राजनीति
  4. पंजाब विधानसभा चुनाव : भाजपा और कैप्टन अमरिंदर सिंह की पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस के बीच गठबंधन
पंजाब विधानसभा चुनाव : भाजपा और कैप्टन अमरिंदर सिंह की पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस के बीच गठबंधन

पंजाब विधानसभा चुनाव : भाजपा और कैप्टन अमरिंदर सिंह की पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस के बीच गठबंधन

0
Social Share

नई दिल्ली, 17 दिसंबर। अगले वर्ष प्रस्तावित विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस छोड़ चुके पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की नई पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस के बीच गठबंधन की शुक्रवार को औपचारिक घोषणा कर दी गई।

केंद्रीय मंत्री और भाजपा के पंजाब चुनाव प्रभारी गजेंद्र सिंह शेखावत ने इस गठबंधन के बारे में कहा, ‘हम पंजाब विधानसभा चुनाव अमरिंदर सिंह की पार्टी के साथ मिलकर लड़ेंगे।’ वहीं अमरिंदर सिंह ने कहा, ‘हम निश्चित रूप से पंजाब चुनाव जीतेंगे। जीतने की क्षमता सीट बंटवारे का मुख्य मानदंड होगा।’

पंजाब चुनाव जीतने के लिए हम 101% सुनिश्चित : कैप्टन

पंजाब लोक कांग्रेस के प्रमुख कैप्टन अमरिंदर ने कहा, ‘हम तैयार हैं और हम यह चुनाव जीतने जा रहे हैं। सीट बंटवारे पर फैसला सीट टू सीट के आधार पर लिया जाएगा, जिसमें जीत की प्राथमिकता होगी। हम इस चुनाव को जीतने के लिए 101% सुनिश्चित हैं।’

गजेंद्र सिंह बोले – सीट शेयर जैसे विषयों पर बाद में चर्चा की जाएगी

उधर गजेंद्र सिंह ने कहा, ‘सात दौर की बातचीत के बाद आज मैं पुष्टि करता हूं कि भाजपा और पंजाब लोक कांग्रेस आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव एक साथ लड़ने जा रही है। सीट शेयर जैसे विषयों पर बाद में चर्चा की जाएगी।’

चुनावी गठबंधन को लेकर जारी चर्चा के बीच अमरिंदर सिंह ने दिन में गजेंद्र सिंह से नई दिल्ली में मुलाकात की थी। कुछ दिनों पहले ही शेखावत ने चंडीगढ़ में भी सिंह से मुलाकात की थी। ज्ञात हो कि पंजाब के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद सिंह ने पंजाब लोक कांग्रेस पार्टी का गठन कर लिया था। पंजाब में अगले वर्ष की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code