UPSSSC PET : यूपी के 60 जिलों में शुक्रवार को 12वीं तक के सभी स्कूल-कॉलेज रहेंगे बंद

लखनऊ, 29 अक्टूबर। उत्तर प्रदेश में शुक्रवार को प्रस्तावित उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) के मद्देनजर 60 जिलों में एक दिन की छुट्टी की घोषणा की गई है। लखनऊ, कानपुर, गाजियाबाद समेत कई जिलों में 12वीं तक के स्कूल-कॉलेजों को बंद रखने का आदेश जारी हुआ है। इन जिलों में सरकारी व निजी समेत सभी बोर्डों से संबद्ध स्कूल बंद रहेंगे।

शासन-प्रशासन ने परीक्षा के दौरान शहरों में अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों की भारी भीड़ को देखते हुए यह फैसला लिया है। हालांकि इस दौरान शिक्षकों और कर्मचारियों को छुट्टी नहीं दी गई है, इन्हें अपने निर्धारित दायित्वों का पालन करना होगा।

लखनऊ के डीआईओएस देवेंद्र कुमार पाण्डेय की ओर से गुरुवार को जारी आदेश के मुताबिक पीईटी 30 अक्तूबर तथा रविवार, एक नवम्बर को राजधानी के 45 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में होगी। प्रत्येक पाली में लगभग 20 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे। इनके साथ बड़ी संख्या में अभिभावकों के भी शहर पहुंचने की संभावना है। इससे प्रमुख मार्गों और परीक्षा केंद्रों के आसपास यातायात का दबाव बढ़ सकता है।

इन जिलों में बंद रहेंगे 12वीं तक के सभी स्कूल

PET को देखते हुए 30 अक्टूबर को लखनऊ, बदायूं, बरेली, गाजियाबाद, कानपुर, पीलीभीत, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, औरैया, फर्रुखाबाद, उन्नाव, हरदोई, अलीगढ़, बुलंदशहर, मुजफ्फरनगर, गोरखपुर, वाराणसी, नोएडा समेत यूपी के 60 जिलों में 12वीं तक के स्कूल-कॉलेजों को बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। इससे छात्रों और उनके अभिभावकों को बड़ी राहत मिलेगी।

25 अक्टूबर को भी हुई थी परीक्षा, गाजियाबाद में पकड़ा गया था मुन्ना भाई

उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) पिछले रविवार (25 अकटूबर) को भी आयोजित की गई थी। आयोग के परीक्षा नियंत्रक सुभाष चंद्र प्रजापति के मुताबिक परीक्षा 60 जिलों के 1372 केंद्रों पर दो पालियों में पीईटी हुई थी।

परीक्षा के दौरान गाजियाबाद में दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते हुए एक मुन्ना भाई को पकड़ा गया था। आयोग के अध्यक्ष एसएन साबत के मुताबिक गाजियाबाद में रजनेश शर्मा के स्थान पर पवन शर्मा को दूसरी पाली में परीक्षा देते हुए पकड़ा गया था। उसके विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई गई है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular