1. Home
  2. हिंदी
  3. चुनाव
  4. यूपी निकाय चुनाव के सभी परिणाम घोषित, भाजपा के दबदबे के बीच AIMIM ने भी दिखाई ताकत
यूपी निकाय चुनाव के सभी परिणाम घोषित, भाजपा के दबदबे के बीच AIMIM ने भी दिखाई ताकत

यूपी निकाय चुनाव के सभी परिणाम घोषित, भाजपा के दबदबे के बीच AIMIM ने भी दिखाई ताकत

0
Social Share

लखनऊ, 14 मई। यूपी निकाय चुनाव के सभी परिणाम घोषित हो गए हैं। दो चरणों (चार मई और 11 मई) में हुए नगर निकाय चुनावों के वोटों की गिनती शनिवार सुबह शुरू हुई और रविवार दोपहर तक सभी सीटों के परिणाम घोषित कर दिए गए। इस चुनाव में सीएम योगी के नेतृत्व में भाजपा ने जहां सभी 17 नगर निगमों की महापौर सीट पर एकतरफा कब्जा किया वहीं नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों में भी विपक्षी दलों को बहुत पीछे छोड़ दिया है।

अधिकतर सीटों के परिणाम शनिवार की देर रात तक घोषित कर दिए गए थे, लेकिन रविवार की सुबह तक मैनपुरी नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष, जौनपुर जिले की खेतासराय नगर पंचायत अध्यक्ष और रामपुर जिले में एक नगर पंचायत में सदस्य का परिणाम घोषित नहीं हो सका था। रविवार दोपहर तक सभी परिणाम घोषित हो गए। मैनपुरी नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष का चुनाव भाजपा उम्मीदवार ने जीता जबकि नगर पंचायत खेतासराय में अध्यक्ष पद सपा के खाते में गया।

राज्‍य निर्वाचन आयोग (एसईसी) की वेबसाइट के अनुसार नगर निगम के महापौर के लिए 17 सीटों पर और सभी 1420 पार्षदों के परिणाम घोषित किए जा चुके हैं। इसके अलावा 199 नगर पालिका परिषदों के अध्‍यक्ष और नगर पालिका परिषदों में 5327 सभासदों तथा 544 नगर पंचायत अध्यक्षों और 7177 नगर पंचायत सदस्यों के सभी परिणाम घोषित हो गए।

नगर निगम के अलावा नगर पालिका परिषद व नगर पंचायतों में भी भाजपा का वर्चस्व

आयोग ने बताया कि भाजपा को अयोध्या, लखनऊ, वाराणसी और गोरखपुर के अलावा अलीगढ़, आगरा, कानपुर नगर, प्रयागराज, गाजियाबाद, झांसी, मेरठ, मुरादाबाद, सहारनपुर, मथुरा-वृंदावन, बरेली, शाहजहांपुर और फिरोजाबाद नगर निगमों में महापौर पद पर जीत मिली है। नगर निगमों में भाजपा ने सभी 17 महापौर, 813 पार्षद, नगर पालिका परिषदों में 89 अध्यक्ष और 1360 सभासद, 191 नगर पंचायत अध्यक्ष और 1403 वार्ड में सदस्य के पदों पर जीत हासिल की है।

सपा के 35 नगर पालिका अध्यक्ष और 79 नगर पंचायत अध्यक्ष निर्वाचित

राज्‍य के मुख्‍य विपक्षी दल सपा ने नगर निगमों में 191 पार्षद, 35 नगर पालिका परिषदों के अध्यक्ष एवं 425 सभासद और 79 नगर पंचायत अध्यक्ष व 485 वार्ड सदस्य के पदों पर चुनाव जीता है।

बहुजन समाज  पार्टी : मायावती की बहुजन समाज पार्टी ने नगर निगमों में 85 पार्षद, 16 नगर पालिका परिषदों के अध्यक्ष और 191 सभासदों के अलावा 37 नगर पंचायत अध्यक्ष और 215 वार्ड सदस्यों के पदों पर विजय हासिल की।

कांग्रेस : कांग्रेस ने नगर निगमों में 77 पार्षद, चार नगर पालिका परिषदों में अध्यक्ष व 91 सभासद तथा 14 नगर पंचायत अध्यक्ष 77 वार्ड सदस्य के पदों पर चुनाव जीता।

एआईएमआईएम : असदुद्दीन ओवैसी के नेतृत्व वाले ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) को नगर निगमों में 19 पार्षद, तीन नगर पालिका परिषदों के अध्यक्ष और 30 सभासदों के अलावा छह नगर पंचायतों के अध्यक्ष पदों पर भी चुनाव जीतने में सफलता मिली है।

आम आदमी पार्टी : आम आदमी पार्टी (आप) ने नगर निगमों के आठ पार्षद, तीन नगर पालिका परिषदों के अध्यक्ष और 33 सभासद और दो नगर पंचायतों के अध्यक्ष पदों पर चुनाव जीता है।

रालोद : पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के पौत्र जयंत चौधरी के नेतृत्व वाले राष्‍ट्रीय लोकदल (रालोद) ने नगर निगमों में 10 पार्षद, सात नगर पालिका परिषदों के अध्यक्ष और 40 सभासद तथा सात नगर पंचायत अध्‍यक्ष के पदों पर जीत दर्ज की है।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code