अखिलेश का प्रहार : RSS दुनिया का सबसे खतरनाक परिवार, वोट के लिए आरक्षण पर बदल गए इसके सुर

एटा, 29 अप्रैल। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व समाजवादी पार्टी (SP) के मुखिया अखिलेश यादव ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) पर प्रहार करते हुए उसे दुनिया का सबसे खतरनाक परिवार करार दिया और कहा कि आरक्षण खत्म करने का मंसूबा रखने वाला यह परिवार अब चुनाव में वोट के लिए आरक्षण नहीं समाप्त करने की वकालत कर रहा है।

अखिलेश यादव ने सोमवार को एटा में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) एक बड़ी साजिश के तहत हर क्षेत्र को निजी हाथों में बेचकर आरक्षण को खत्म करना चाहती है, लेकिन समाजवादी लोग उसे कामयाब नहीं होने देंगे।

सपा प्रमुख ने संघ (RSS) परिवार पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए किसी का नाम लिए बिना कहा, ‘इन्हें (भाजपा को) हमारे-आपके परिवार की तो चिंता है, लेकिन उनके साथ दुनिया का सबसे खतरनाक परिवार है, जो आरक्षण खत्म करना चाहता था। अब वोट चाहिए, तो कह रहे हैं कि आरक्षण खत्म नहीं होगा।’ अखिलेश का इशारा RSS प्रमुख मोहन भागवत के रविवार के उस बयान की तरफ था, जिसमें उन्होंने कहा था कि संघ ने हमेशा संविधान के अनुसार आरक्षण का समर्थन किया है और भेदभाव व्याप्त रहने तक आरक्षण लागू रखने की वकालत करता है।

जब सरकारी कम्पनियां निजी हाथों में बिक जाएंगी तो आरक्षण कहां मिलेगा

अखिलेश यादव ने कहा, ‘मैं पूछना चाहता हूं कि यदि भारत सरकार की बड़ी-बड़ी कम्पनियां निजी हाथों में बिक जाएंगी तो आरक्षण कहां मिलेगा? इस सरकार ने हवाई जहाज और हवाई अड्डे बेच दिए, जिनमें लाखों लोगों को नौकरी मिलती थी… बताओ क्या वहां आरक्षण लागू होगा? यदि रेल बिक जाएगी तो क्या वहां आरक्षण होगा? अस्पताल में जो आउटसोर्स’ पर नौकरी दी जा रही है, क्या उसमें आरक्षण होगा? संविदा पर दी जाने वाली नौकरी में क्या आरक्षण होगा? वे न केवल नौकरी खत्म करना चाहते हैं बल्कि आरक्षण भी खत्म करना चाहते हैं। यह उनकी बड़ी साजिश है, लेकिन हम समाजवादी लोग उन्हें कामयाब नहीं होने देंगे।’

भाजपा तीसरी बार सत्ता में आई तो संविधान खत्म

उन्होंने इस लोकसभा चुनाव को लोकतंत्र के रक्षकों और भक्षकों के बीच का होने वाला संविधान मंथन करार दिया और कहा कि चुनाव में यदि विपक्षी गठबंधन इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (I.N.D.I.A.) जीता, तभी संविधान और लोकतंत्र बचेगा। लेकिन यदि भाजपा तीसरी बार सत्ता में आ गई तो वह संविधान खत्म करके न सिर्फ आरक्षण छीनेगी बल्कि लोगों से वोट देने का अधिकार भी छीन लेगी।

अखिलेश ने कहा, ‘यह बात सब लोग जान गए हैं कि भाजपा का हर वादा झूठा निकला है। ये वही भाजपा के लोग हैं, जिन्होंने कभी कहा था कि हम किसानों की आय दोगुनी कर देंगे, किसानों को उनकी पैदावार की कीमत देंगे और उन्हें खुशहाल बनाएंगे। लेकिन इनमें से एक भी काम नहीं हुआ। तीन काले कानूनों के खिलाफ किसानों के आंदोलन में करीब एक हजार किसान शहीद हो गए।’

अग्निवीर योजना करेंगे खत्म – पक्की नौकरी का वादा

सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा ने उद्योगपतियों का 16 लाख करोड़ रुपये का कर्ज माफ किया, लेकिन किसानों का कर्ज नहीं माफ किया। केंद्र में यदि विपक्षी गठबंधन की सरकार बनती है तो किसानों का पूरा का पूरा कर्ज माफ किया जाएगा और जितने भी सरकारी पद खाली हैं, उन सभी पर भर्ती की जाएगी। इसी प्रकार अग्निवीर योजना’ को खत्म करके पहले की तरह पक्की नौकरी दी जाएगी और पुरानी पेंशन व्यवस्था को बहाल किया जाएगा।

हम लोग इस बार बैंड बाजे से भाजपा की विदाई करेंगे

उन्होंने कहा, ‘भाजपा वाले जहां-जहां जा रहे हैं, हम लोगों की बुराई कर रहे हैं। लेकिन इस बार हम लोगों ने तय कर लिया है कि उनकी बैंड बाजे से विदाई करेंगे। वे 2014 में आए थे और 2024 में चले जाएंगे क्योंकि उन्होंने बहुत अन्याय किया है। बहुत लोगों को तकलीफ और परेशानी पहुंचाई है।’

अखिलेश ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार ने समाजवादियों के साथ-साथ आम जनता पर भी झूठे मुकदमे दर्ज कराए हैं। ऐसे लोग लाखों की संख्या में है, जिन पर इस सरकार ने झूठे मुकदमे दर्ज करवाए हैं। उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की हिमायत करते हुए कहा कि उनके खिलाफ झूठे मुकदमे दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया, क्या यह अन्याय नहीं है?

भाजपा ने कम्पनियों को डराया-धमका कर चंदा वसूला

उन्होंने कहा, ‘चुनावी बॉण्ड को लेकर भाजपा की पोल खुल गई है। भाजपा ने कम्पनियों को डराया-धमकाया और झूठे मुकदमे दर्ज करने की धमकी दी। ईडी, सीबीआई और आयकर की टीम भेज-भेजकर जबरन चंदा वसूला गया है, इसलिए इस बार इन चंदा वसूलने वालों का हिसाब-किताब होगा, इनको हटाने का काम I.N.D.I.A. गठबंधन करेगा।

 

RELATED ARTICLES

Most Popular