1. Home
  2. हिन्दी
  3. राजनीति
  4. अखिलेश की घोषणा- हमारी सरकार आई तो शुरू करेंगे रानी लक्ष्मी बाई योजना, महिलाओं को मिलेंगे वार्षिक ₹40 हजार
अखिलेश की घोषणा- हमारी सरकार आई तो शुरू करेंगे रानी लक्ष्मी बाई योजना, महिलाओं को मिलेंगे वार्षिक ₹40 हजार

अखिलेश की घोषणा- हमारी सरकार आई तो शुरू करेंगे रानी लक्ष्मी बाई योजना, महिलाओं को मिलेंगे वार्षिक ₹40 हजार

0
Social Share

लखनऊ, 22 मार्च। समाजवादी पार्टी ने अगले वर्ष प्रस्तावित यूपी विधानसभा चुनाव से पहले महिलाओं के सम्मान के जरिए महिला मतदाताओं को साधने की कोशिश की। इस क्रम में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में समाजवादी पार्टी कार्यालय में विलंबित सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान मूर्ति देवी-मालती देवी महिला सम्मान समारोह समिति की तरफ से कई मां और दादी को महिला सम्मान दिया गया।

दिवंगत मुलायम सिंह की पत्नी मालती देवी की स्मृति में शुरू किया गया सम्मान

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और सांसद डिंपल यादव सहित पार्टी के अन्य कई वरिष्ठ नेता इस अवसर पर मौजूद रहे। उन्होंने महिलाओं को सम्मान दिया। मालती देवी समाजवादी पार्टी के संरक्षक स्व. मुलायम सिंह यादव की पत्नी थीं। उन्हीं की याद में यह सम्मान समारोह शुरू किया गया है।

अखिलेश यादव ने महिलाओं के सम्मान कार्यक्रम के बाद प्रेस कांफ्रेंस की। इस दौरान उन्होंने एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा,  ‘हम जब सत्ता में वापस आएंगे तो रानी लक्ष्मी बाई के नाम पर योजना शुरू कर महिलाओं को सम्मान देने का काम करेंगे। नारी समृद्धि सम्मान योजना शुरू करेंगे। इस योजना में महिलाओं को सालाना 40,000 रुपये सरकार की तरफ से दिए जाएंगे।’

सरकार की असली विस्तार 2027 में

प्रेस कांफ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी की सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्रिमंडल के विस्तार की बात की जा रही है, लेकिन असली विस्तार सरकार का और विकास का 2027 में होगा। इनका विस्तार तो रूठों को मनाने वाला है। देश के रक्षा मंत्री तो अच्छा काम करना चाहते होंगे, लेकिन मुख्यमंत्री ने ग्रीन कॉरिडोर नहीं बर्बाद कॉरिडोर बनाया है। पेडेस्ट्रियन को चलने की जगह ही नहीं है। यह मानक के खिलाफ सड़क डिजाइन हुई है। उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले ही लखनऊ में ग्रीन कॉरिडोर का उद्घाटन रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया।

पैसे देकर बनवाई जा रहीं फिल्में

अखिलेश ने साथ ही वर्तमान में धुरंधर 2 फिल्म पर चल रहे विवाद पर भी अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने कहा, ‘पैसे देकर फिल्में बनवाई जा रही हैं। दूसरे दलों को बदनाम करने के लिए ऐसा किया जा रहा है। मुझे लगता है ज्यादा पैसा पहुंच गया है।’

देश में गैस सिलेंडर की कमी को लेकर भी अखिलेश ने कहा कि झांसी में जो ट्रक गायब हुआ था, वह भाजपा के लोगों ने गायब किया था। गोरखपुर में तो लॉ एंड ऑर्डर की हत्या हो गई है। जनता से अपील है कि सरकार को हटाए बिना लॉ एंड ऑर्डर बेहतर नहीं हो सकता।

बंगाल में फिर बनेगी ममता सरकार

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि वहां की जनता ममता बनर्जी को एक बार फिर ऐतिहासिक वोटों से विजयी बनाकर मुख्यमंत्री बनाने जा रही है।

डिंपल ने महिलाओं की स्थिति को लेकर सरकार को घेरा

इस अवसर पर अखिलेश की पत्नी व मैनपुरी से सांसद डिंपल यादव ने कहा कि किसी देश की स्थिति क्या है, वह समाज में महिलाओं की स्थिति से ही पता चल जाता है। जिस देश में महिलाओं की स्थिति अच्छी होती है, वह देश हमेशा अच्छा होता है। तरक्की करता है।

उन्होंने उत्तराखंड में अंकिता भंडारी मर्डर केस को याद करते हुए कहा, ‘किस तरह से वहां पर सब कुछ तहस-नहस कर दिया गया। मेरी भी बेटियां हैं। मुझे अंकिता भंडारी केस ने झकझोर कर रख दिया था। समाज में महिलाओं और बेटियों के साथ ऐसा बिल्कुल नहीं होना चाहिए। उनका सम्मान करना चाहिए।’

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code