एशियाई निशानेबाजी : ऐश्वर्य प्रताप व एड्रियन कर्माकर ने 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन में जीते स्वर्ण

शिमकेंट, 24 अगस्त। भारतीय निशानेबाजद्वय ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर ने रविवार को यहां एशियाई निशानेबाजी चैम्पियनशिप में पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता।

भारत 26 स्वर्ण सहित 46 पदक लेकर शीर्ष पर

वहीं जूनियर वर्ग की इसी स्पर्धा में एड्रियन कर्माकर ने देश को दिन का दूसरा स्वर्ण पदक दिलाया। यही नहीं भारतीय शूटरों ने जूनियर वर्ग में टीम स्वर्ण पदक भी अपने नाम किया। कुल मिलाकर देखें तो भारत 26 स्वर्ण, नौ रजत और 11 कांस्य पदकों के साथ पदक तालिका में शीर्ष पर है।

तोमर ने 462.5 के स्कोर से शीर्ष स्थान हासिल किया। चीन के वेनयू झाओ ने 462 अंक के साथ रजत पदक जीता जबकि जापान के नाओया ओकाडा ने 445.8 के स्कोर के साथ कांस्य पदक जीता। तोमर ने इस स्पर्धा में अपना दबदबा बनाए रखा और प्रतियोगिता के ज्यादातर हिस्से में बढ़त बनाए रखी।

24 वर्षीय निशानेबाज ने नीलिंग पोजीशन में बेहतरीन प्रदर्शन किया, लेकिन इसे प्रोन पोजीशन में दोहरा नहीं सके। उन्होंने हालांकि स्टैंडिंग दौर में अच्छा प्रदर्शन किया और 1.5 से अधिक अंकों की बढ़त के साथ प्रतियोगिता के अंतिम चरण में प्रवेश करने के बाद विजेता बने।

इस स्पर्धा में अन्य भारतीय निशानेबाजों में चैन सिंह चौथे स्थान पर रहे, जबकि अखिल श्योराण फाइनल में पांचवें स्थान पर रहे। इससे पहले तोमर, चैन सिंह और श्योराण की भारतीय तिकड़ी ने 50 मीटर राइफल 3 पोजीशन टीम स्पर्धा में रजत पदक जीता था।

तोमर को तीन वर्षों में दूसरा एशियाई खिताब

क्वालिफिकेशन में कुल 584 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे तोमर का यह इसी स्पर्धा में दूसरा एशियाई खिताब था। उन्होंने 2023 में भी स्वर्ण पदक जीता था। जकार्ता में 2024 सत्र में हालांकि उन्हें श्योराण से हारने के बाद उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा था।

एड्रियन कर्माकर ने जूनियर वर्ग में तोड़ा एशियाई रिकॉर्ड

वहीं एड्रियन कर्माकर ने भारतीय टीम को दिन का दूसरा स्वर्ण पदक दिलाया, जब वह पुरुष जूनियर वर्ग की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन स्पर्धा में पहले स्थान पर रहे। एड्रियन ने फाइनल में 463.8 के प्रभावशाली एशियाई रिकॉर्ड के साथ श्रेष्ठता सिद्ध की। उन्होंने सभी को पीछे छोड़ते हुए चीन के हान यिनान को 4.2 अंकों से हराया।

वेदांत वाघमारे ने जीता कांस्य पदक, टीम स्वर्ण भी भारत के नाम

फाइनल में एड्रियन का प्रदर्शन उल्लेखनीय रहा क्योंकि उन्होंने 576 के मामूली स्कोर के साथ आठवें स्थान पर क्वालीफाई किया था। वेदांत वाघमारे ने कांस्य पदक जीतकर अच्छा प्रदर्शन किया। भारतीय खेमे के लिए खुशी का पल तब पूरा हुआ, जब जूनियर टीम ने रोहित कन्यान के 575 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular