भगवंत मान और विधायकों संग बैठक के बाद बोले केजरीवाल – ‘पंजाब में नहीं बदलेगा मुख्यमंत्री, वही नेतृत्व वही काम’

नई दिल्ली, 11 फरवरी। आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आज यहां पंजाब में मुख्यमंत्री भगवंत मान सहित पार्टी के सभी 92 विधायकों संग बैठक के बाद स्पष्ट किया कि पंजाब में मुख्यमंत्री नहीं बदलेगा। राज्य में वही नेतृत्व रहने वाला है और वही काम चलने वाला है।

उल्लेखनीय है कि दिल्ली की सत्ता आम आदमी पार्टी से छिनने के बाद राजनीतिक गलियारे में ये अटकलें लगाई जाने लगी थीं कि पंजाब में नेतृत्व परिवर्तन हो सकता है और केजरीवाल खुद वहां मुख्यमंत्री पद संभाल सकते हैं। फिलहाल अब केजरीवाल ने खुद चीजें स्पष्ट कर दी हैं।

इसका मतलब साफ है कि भगवंत मान ही आगे भी पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार चलाने वाले हैं। वैसे इससे पहले सीएम भगवंत मान ने भी मीडिया से बात करते हुए कहा था कि पंजाब को किए सारे वादे पूरे होंगे, हर गारंटी को संपन्न किया जाएगा।

सीएम मान बोले – ‘केजरीवाल ने हमें धन्यवाद देने के लिए बुलाया था’

सीएम भगवंत मान ने कहा, ‘पंजाब से हमारे सभी कैबिनेट मंत्री और विधायक यहां आए थे। हमारे राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल भी आए थे। दिल्ली चुनाव में पंजाब के हमारे साथियों ने बहुत मेहनत की, इसलिए उन्होंने उनका धन्यवाद किया। पंजाब में हमारी सरकार लोगों के हित में बहुत काम कर रही है, चाहे बिजली का क्षेत्र हो या शिक्षा का, हम वहां काम कर रहे हैं और हमें इसमें और भी तेजी लानी है।’

‘हम पंजाब को एक मॉडल बनाएंगे और देश को दिखाएंगे’

भगवंत मान ने कहा, ‘हार-जीत होती रहती है। हम दिल्ली की टीम के अनुभव का पंजाब में इस्तेमाल करेंगे… हमारी पार्टी अपने काम के लिए जानी जाती है। हम धर्म, गुंडागर्दी की राजनीति नहीं करते। आज हमारी दिल्ली और पंजाब की टीमों ने मिलकर फैसला किया है कि हम पंजाब को एक मॉडल बनाएंगे और देश को दिखाएंगे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular