1. Home
  2. अपराध
  3. वाराणसी : यूपी कॉलेज के छात्र हत्याकांड मामले में प्राचार्य पर एक्शन, जांच पूरी होने तक कार्यभार संभालने पर रोक
वाराणसी : यूपी कॉलेज के छात्र हत्याकांड मामले में प्राचार्य पर एक्शन, जांच पूरी होने तक कार्यभार संभालने पर रोक

वाराणसी : यूपी कॉलेज के छात्र हत्याकांड मामले में प्राचार्य पर एक्शन, जांच पूरी होने तक कार्यभार संभालने पर रोक

0
Social Share

वाराणसी, 21 मार्च। वाराणसी से उदय प्रताप स्वायत्तशासी महाविद्यालय में शुक्रवार को दिनदहाड़े हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में एक छात्र की हत्या के बाद कॉलेज परिसर में तनाव व्याप्त है। घटना को लेकर आक्रोशित छात्रों ने शनिवार को विरोध प्रदर्शन किया और जिला प्रशासन को अपनी पांच सूत्रीय मांग सौंपी।

छात्रों के प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन से मृतक छात्र सूर्य प्रताप सिंह के परिजनों को आर्थिक मुआवजा, एक सदस्य को सरकारी नौकरी, तथा घटना की जांच पूरी होने तक कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर धर्मेंद्र कुमार सिंह को पद से हटाने की मांग की। इसके अलावा छात्रों ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस द्वारा अभद्रता और लाठीचार्ज किया गया, जिसके जिम्मेदार अधिकारियों को हटाने की भी मांग की गई।

महापौर अशोक कुमार तिवारी ने इस मामले में छात्र नेता आकाश पटेल से वार्ता की, जिस पर 24 घंटे के भीतर संबंधित अधिकारियों को हटाने का आश्वासन दिया गया। वहीं एडीएम आलोक वर्मा ने जिला अधिकारी से बातचीत के बाद स्पष्ट किया कि जांच पूरी होने तक प्राचार्य अपने पद का कार्यभार नहीं संभालेंगे। छात्रों की पांचवीं मांग में घटना में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ कड़ी दंडात्मक काररवाई की बात कही गई है। प्रशासन ने सभी मांगों पर काररवाई का विश्वास दिलाया है।

काररवाई के आश्वासन के बाद छात्रों का धरना स्थगित

इस बीच एडीसीपी नीतू कादयान ने बताया कि छात्रों और पुलिस प्रशासन के बीच वार्ता सकारात्मक रही। छात्रों द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में पांच मांगें शामिल हैं, जिन पर काररवाई का आश्वासन दिया गया है। काररवाई के आश्वासन के बाद छात्रों ने अपना धरना फिलहाल स्थगित कर दिया है, ताकि आगामी ARO परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न कराई जा सके।

मुख्य हत्यारोपित मंजीत को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत

उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को कॉलेज परिसर में सूर्या सिंह की हत्या के कुछ घंटों बाद देर शाम मुख्य हत्यारोपित कॉलेज के ही छात्र मंजीत सिंह चौहान को गिरफ्तार कर लिया गया था, जिसे आज अदालत में पेश किए जाने के बाद 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मंजीत का साथी एक अन्य आरोपित छात्र अनुज सिंह ठाकुर अभी भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की छह टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code