1. Home
  2. हिन्दी
  3. चुनाव
  4. एग्जिट पोल के नतीजे : हरियाणा में 10 वर्षों बाद कांग्रेस की वापसी, भाजपा हैट्रिक से वंचित
एग्जिट पोल के नतीजे : हरियाणा में 10 वर्षों बाद कांग्रेस की वापसी, भाजपा हैट्रिक से वंचित

एग्जिट पोल के नतीजे : हरियाणा में 10 वर्षों बाद कांग्रेस की वापसी, भाजपा हैट्रिक से वंचित

0
Social Share

नई दिल्ली, 5 अक्टूबर। दो राज्यों हरियाणा व जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनावों के अंतिम परिणाम क्या रहेंगे, इसके लिए तो आठ अक्टूबर का इंतजार करना होगा। लेकिन आज शाम हरियाणा में मतदान संपन्न होने के साथ ही अलग-अलग सर्वे एजेंसियों ने एग्जिट पोल के जो नतीजे पेश किए हैं, उनके हिसाब से कांग्रेस की 10 वर्षों बाद हरियाणा में वापसी होने जा रही है कि जबकि सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी हैट्रिक से वंचित रह जाएगी।

लगभग सर्वे एजेंसियों के एग्जिट पोल यही बता रहे हैं 90 विधानसभा सीटों वाले हरियाणा में कांग्रेस 50 से ज्यादा सीटें लेकर बहुमत हासिल करने जा रही है जबकि भाजपा की सीटों की संख्या 35 से भी नीचे खिकसने जा रही है।

  • इंडिया टुडे-सी वोटर के एग्जिट पोल में कांग्रेस को 50-58 तो भाजपा को 22-28 सीटें मिलने का अनुमान व्यक्त किया गया है। वहीं जेजेपी को 0-2 और अन्य को 10-14 सीटें मिल सकती हैं।
  • रिपब्लिक-मैट्रिज के सर्वे में कांग्रेस को 55-62, भाजपा को 18-24, आईएनएलडी को 3-6, जेजेपी को 0-3 और अन्य को 2-5 सीटें मिलने की उम्मीद जताई गई है।
  • ध्रुव रिसर्च के अनुसार कांग्रेस को 50-64 तो भाजपा को 22-32 सीटें मिल सकती हैं।
  • P-Marq के पोल में कांग्रेस को 51-61 सीटें तो भाजपा को 27-35 सीटें मिलने के आसार हैं।
  • पीपुल्स पल्स के सर्वे ने कांग्रेस को 49-61 तो भाजपा को 20-32 सीटों पर बढ़त दिखाई है।
  • दैनिक भास्कर के सर्वे में कांग्रेस को 44-54 सीटें तो भाजपा के खाते में 19-29 सीटें मिलती दिख रही हैं। आईएनएलडी को को 1-5 और जेजेपी को 0-1 और अन्य को 4-10 सीटें मिल सकती हैं।
  • एनडीटीवी पोल के अनुसार कांग्रेस को 55, भाजपा को 25 और आईएनएलडी को 3 सीटें मिल सकती हैं।
  • इंडिया टीवी के पोल में कांग्रेस को 44-54 सीटें तो भाजपा को 19-29 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है।

भूपेंद्र हुड्डा बोले – कांग्रेस के पक्ष में हरियाणा में लहर चल रही

इस बीच एग्जिट पोल के नतीजों पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं की प्रतिक्रिया भी सामने आई है। इनमें हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के सीनियर नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, ‘कांग्रेस के पक्ष में हरियाणा में लहर चल रही है। भारी बहुमत से कांग्रेस जीतेगी। सीटों के बारे में तो मैं नहीं कह सकता, लेकिन हमारी 60-70 से ज्यादा सीटें आएंगी।’

जम्मू-कश्मीर व हरियाणा में हमारी सरकारें बनेंगी – अशोक तंवर

दो दिन पहले ही भाजपा छोड़ पुराने घर कांग्रेस में लौटे पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर ने कहा, ‘एग्जिट पोल के पूर्वानुमान के अनुसार, हम (कांग्रेस-NC) जम्मू-कश्मीर में 50-61 सीटें जीतेंगे, जबकि हरियाणा में भी कांग्रेस 55-65 सीटों पर जीतेगी।’ उन्होंने दोनों राज्यों के लोगों को धन्यवाद दिया।

विनेश फोगाट ने जताई खुशी

जुलाना से कांग्रेस उम्मीदवार विनेश फोगाट ने कहा, ‘यह हरियाणा के लोगों के लिए खुशी का क्षण है। यह पिछले 10 वर्षों में लोगों द्वारा झेले गए अत्याचारों का परिणाम है। मैं इस शानदार प्रदर्शन के लिए कांग्रेस को बधाई देना चाहती हूं।’

एग्जिट पोल कुछ भी कहे, बनेगी भाजपा सरकार मोहनलाल बड़ौली

उधर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने कहा, ‘एग्जिट पोल कुछ भी कहे, बहुमत से तीसरी बार भाजपा की सरकार ही बनेगी। दो दिन तक भूपेंद्र सिंह हुड्डा खुश होंगे, दो दिन बाद नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में सरकार बनेगी।’

भाजपा ही हरियाणा में बनाएगी सरकार – तरुण चुघ

भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने कहा, ‘नतीजे इससे बेहतर होंगे। भाजपा हरियाणा और जम्मू-कश्मीर दोनों में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाएगी। लोगों का आशीर्वाद भाजपा के साथ है।’

हरियाणा में AAP की निर्णायक भूमिका होगी – सुशील गुप्ता

आम आदमी पार्टी हरियाणा के अध्यक्ष सुशील गुप्ता ने कहा कि हरियाणा में AAP निर्णायक भूमिका में रहेगी।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code