1. Home
  2. हिंदी
  3. राष्ट्रीय
  4. दिल्लीवासियों को एसी इलेक्ट्रिक बसों का तोहफा, सीएम अरविंद केजरीवाल ने राजघाट डिपो से दिखाई हरी झंडी
दिल्लीवासियों को एसी इलेक्ट्रिक बसों का तोहफा, सीएम अरविंद केजरीवाल ने राजघाट डिपो से दिखाई हरी झंडी

दिल्लीवासियों को एसी इलेक्ट्रिक बसों का तोहफा, सीएम अरविंद केजरीवाल ने राजघाट डिपो से दिखाई हरी झंडी

0
Social Share

नई दिल्ली, 2 जनवरी। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राष्ट्रीय राजधानी के बाशिंदों को नव वर्ष पर 50 नई लो-फ्लोर इलेक्ट्रिक एसी बस का तोहफा दिया है। उन्होंने सोमवार को राजघाट डिपो से हरी झंडी दिखाकर इन बसों को रवाना किया।

रोहिणी सेक्टर 37 डिपो से सात रूटों पर चलाई जाएंगी बसें

इन सभी इलेक्ट्रिक बसें को रोहिणी सेक्टर 37 डिपो से सात अलग-अलग रूटों पर चलाया जाएगा। 12 मीटर लंबी लो-फ्लोर इलेक्ट्रिक बसों में यात्रियों की सुविधा का विशेष ख्याल रखा गया है। सभी बसों में जीपीएस, सीसीटीवी और ह्वील चेयर आदि की सुविधा होगी। साथ ही महिलाओं के लिए पिंक सीट, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों के लिए चार सीटें उपलब्ध रहेंगी। इन बसों से प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलेगी।

केजरीवाल बोले – पहले नहीं थीं दिल्ली की सड़कों पर इतनी बसें

सीएम अरविंद केजरीवाल ने बसों को हरी झंडी दिखाने के बाद कहा, ‘अब दिल्ली के अंदर 300 इलेक्ट्रिक लो-फ्लोर बसें हो गई हैं। बहुत कम समय में ही हम लोगों ने इतनी सारी इलेक्ट्रिक बसें अधिग्रहित कर ली हैं। दिल्ली में अब कुल 7 हजार 379 बसें हो गई हैं। आज से पहले कभी भी दिल्ली की सड़कों पर इतनी बसें नहीं थीं।’

केजरीवाल ने कहा, ‘बीच में कई सालों तक दिल्ली में नई बसें खरीदी नहीं गई थीं। मुझे याद है, हमें भी कहा गया कि इतने साल हो गए और बसें नहीं खरीदी गई हैं। एक कहावत है कि भगवान जब देता है तो छप्पर फाड़ कर देता है। वैसे ही दिल्ली सरकार, जब काम करना शुरू करती है, तो छप्पर फाड़ कर काम करना शुरू करती है।’

1,500 इलेक्ट्रिक बसें और खरीदने की योजना

सीएम ने कहा, ‘दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) भी 100 इलेक्ट्रिक बसों को चलाता है। लेकिन इन बसों को डीएमआरसी ठीक से चला नहीं पा रहा है। दिल्ली सरकार ने डीएमआरसी की 100 बसों को टेकओवर करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस साल हम 1,500 इलेक्ट्रिक बसें और खरीदने जा रहे हैं।’

दिसम्बर तक चलेंगी 480 फीडर बसें

उल्लेखनीय है कि दिल्ली सरकार ने हाल ही में डीएमआरसी की 100 इलेक्ट्रिक बसों के अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की है। इन 100 ई-बसों के अलावा दिल्ली सरकार डीएमआरसी के फीडर रूट के लिए 380 इलेक्ट्रिक बसें खरीदेगी। इस तरह दिसम्बर 2023 तक दिल्ली सरकार की दिल्ली में कुल 480 फीडर बसों को चलाने की योजना है।

इन 7 रूटों पर दौड़ेंगी 50 नई लो फ्लोर इलेक्ट्रिक बसें 

सीएम अरविंद केजरीवाल के निर्देशानुसार परिवहन विभाग इन 50 इलेक्ट्रिक बसों को सात अलग-अलग रूटों पर चलाएगा इनमें से 48 बसों के लिए रूट निर्धारित किया गया है जबकि दो बसों को रिजर्व में रखा गया है।

  • रूट संख्या 165 पर सात बसें चलेंगी। ये शाहबाद डेयरी से आनंद विहार आईएसबीटी तक जाएंगी।
  • रूट संख्या 879 पर पांच बसें चलेंगी। ये बसें शाहबाद डेयरी से सागरपुर तक चलेंगी।
  • रूट संख्या 901 पर छह बसें चलेंगी। ये मंगोलपुरी के वाई ब्लॉक से नई दिल्ली कमला मार्केट तक जाएंगी।
  • रूट संख्या 957 पर सात बसें चलेंगी। ये रोहिणी सेक्टर-22 टर्मिनल से शिवाजी स्टेडियम तक जाएंगी।
  • रूट संख्या 971 पर सबसे अधिक 16 बसें चलेंगी। ये बसें रोहिणी सेक्टर 1 अवंतिका से चलकर आनंद विहार आईएसबीटी तक जाएंगी।
  • रूट संख्या 990A पर दो बसें चलेंगी। ये बसें रोहिणी सेक्टर-25 (दीप विहार) से शिवाजी स्टेडियम तक जाएंगी।
  • रूट संख्या 990 एक्सटेंशन पर पांच बसें चलेंगी। ये बसें रोहिणी सेक्टर-25 (पॉकेट सी) से शिवाजी स्टेडियम तक जाएंगी।

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code