1. Home
  2. हिंदी
  3. राजनीति
  4. केजरीवाल को जमानत मिलने पर बोली AAP – ‘तानाशाही के युग में SC ने बेल देकर एक रोशनी दिखाई’
केजरीवाल को जमानत मिलने पर बोली AAP – ‘तानाशाही के युग में SC ने बेल देकर एक रोशनी दिखाई’

केजरीवाल को जमानत मिलने पर बोली AAP – ‘तानाशाही के युग में SC ने बेल देकर एक रोशनी दिखाई’

0
Social Share

नई दिल्ली, 10 मई। दिल्ली के मुख्यमंत्रई अरविंद केजरीवाल को सुप्रीम कोर्ट से शुक्रवार को अंतरिम जमानत मिलने पर आम आदमी पार्टी (AAP) ने मोदी सरकार पर कटाक्ष के बीच यह कहते हुए प्रसन्नता जाहिर की है कि तानाशाही के युग में शीर्ष अदालत ने केजरीवाल को जमानत देकर एक रोशनी दिखाई।

दिल्ली सरकार के वरिष्ठ मंत्री गोपाल राय ने कहा कि सुप्रीम सत्य की विजय हुई। सुप्रीम कोर्ट के जरिये लोकतंत्र और संविधान की रक्षा हो पाई है। केजरीवाल के आने से अब देशभर में लोकसभा चुनाव का माहौल बदल जाएगा। उन्होंने कहा, ‘हम पूरी दिल्ली, पूरे देश के लोगों और पार्टी की ओर से सर्वोच्च न्यायालय का धन्यवाद करते हैं कि उन्होंने अरविंद केजरीवाल को अंतरिम जमानत देकर इस तानाशाही के अंधकार युग में एक रोशनी जलाई है। आज पूरी दिल्ली और पूरा देश खुश है। आज सत्य की जीत हुई है।’

सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले से सच्चाई की जीत हुई आतिशी

दिल्ली सरकार की ही मंत्री आतिशी ने कहा, ‘सिर्फ अरविंद केजरीवाल को ही अंतरिम जमानत नहीं मिली है, बल्कि सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले से सच्चाई की जीत हुई है। यह लोकतंत्र और संविधान की जीत है। सुप्रीम कोर्ट ने इसमें अहम भूमिका निभाई है। लोकतंत्र की रक्षा की कोशिश हम करते रहेंगे।’ आतिशी ने कहा कि जब-जब देश में लोकतंत्र और संविधान को कुचलने का प्रयास हुआ है। सुप्रीम कोर्ट ही रक्षक के रूप में सामने आया है। एक बार फिर देश की न्यायपालिका पर लोगों का भरोसा बढ़ गया है।

कैबिनेट मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा कि यह फैसला किसी चमत्कार से कम नहीं है। यह सीधे हनुमान जी का अपने भक्त अरविंद केजरीवाल को आशीर्वाद है। ईश्वर का संकेत है कि देश में बदलाव होना चाहिए।

कन्हैया कुमार ने जाहिर की खुशी

वहीं कांग्रेस नेता और उत्तर पूर्व दिल्ली से विपक्षी गठबंधन के उम्मीदवार कन्हैया कुमार ने भी केजरीवाल को जमानत मिलने पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने लिखा – माननीय सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जी को अंतरिम बेल दिये जाने के फैसले का स्वागत करता हूं। नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए यह बड़ा फैसला है। I.N.D.I.A. समूह का न्याय युद्ध जारी है। असली जीत चार जून को इस संविधान विरोधी सरकार को उखाड़ कर होगी।’

पत्नी सुनीता भी हुईं भावुक, कहा – ये लोकतंत्र की जीत है

इस बीच सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल भी भावुक हो उठीं और उन्होंने इसके लिए सभी का धन्यवाद भी किया। उन्होंने इस फैसले को लाखों-करोड़ों दुआओं का फल भी बताया। सुनीता ने एक्स पर पोस्ट में लिखा, – हनुमान जी की जय। ये लोकतंत्र की जीत है। लाखों-करोड़ों लोगों की दुआओं और आशीर्वाद का फल है। सभी को कोटि कोटि धन्यवाद।’

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code