राष्ट्रीय पार्टी बनी आम आदमी पार्टी, केजरीवाल बोले – 10 वर्ष पहले एक छोटी सी पार्टी थी ‘आप’

नई दिल्ली, 8 दिसम्बर। गुजरात विधानसभा चुनाव के नतीजे आते ही आम आदमी पार्टी को राष्ट्रीय पार्टी का तमगा प्राप्त हो गया है, भले ही पहले प्रयास में उसे पांच सीटों से संतोष करना पड़ा। उधर हिमाचल प्रदेश में भी पार्टी का खाता नहीं खुला, लेकिन दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनाव में अरविंद केजरीवाल की पार्टी ने अभूतपू्र्व प्रदर्शन करते हुए 15 वर्षों से एमसीडी पर काबिज भारतीय जनता पार्टी को बेदखल कर दिया।

आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा मिलने पर कहा कि आज (गुरुवार) गुजरात चुनाव के नतीजे आ गए हैं और पार्टी एक राष्ट्रीय पार्टी बन गई है। केजरीवाल ने अपने वीडियो संबोधन में कहा, “10 साल पहले ‘आप’ एक छोटी पार्टी थी, अब 10 साल बाद दो राज्यों में उसकी सरकार है और वह एक राष्ट्रीय पार्टी बन गई है।”

केजरीवाल ने आम आदमी पार्टी (आप) को राष्ट्रीय पार्टी बनाने में मदद करने के लिए गुजरात के लोगों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा, ‘बहुत कम पार्टियों को राष्ट्रीय पार्टी का दर्जा प्राप्त है, हमारी युवा पार्टी अब उनमें से एक है।’ परिणामों को लेकर उन्होंने कहा, “चुनाव प्रचार के दौरान ‘आप’ कीचड़ उछालने में शामिल नहीं हुई, केवल पंजाब, दिल्ली में पार्टी द्वारा किए गए कार्यों के बारे में बात की।”

गुजरात चुनाव का विस्तृत परिणाम यहां देखें

उल्लेखनीय है कि गुजरात में सत्तारूढ़ भाजपा रिकॉर्डतोड़ 156 सीटें जीतकर लगातार सातवीं बार सरकार बनाने की तैयारी कर रही है वहीं कांग्रेस को सिर्फ 17 सीटें मिल सकीं। राज्य में पहली बार किस्मत आजमाने उतरी आम आदमी पार्टी ने पांच सीटें जीतीं जबकि समाजवादी पार्टी ने भी एक सीट जीतकर अपना खाता खोल लिया। तीन सीटें अन्य के खाते में गई हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular