DMK ने परिसीमन विधेयक के समर्थन की घोषणा की, कांग्रेस पर उसूलों को कूड़ेदान में फेंकने का आरोप

चेन्नई, 28 नवम्बर। द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) ने आधिकारिक घोषणा की है कि वह सोमवार से प्रस्तावित संसद के विशेष सत्र में परिसीमन विधेयक का समर्थन करेगी। डीएमके सांसद ए. राजा ने इसकी वजह बताते हुए कहा कि लोकसभा में तमिलनाडु की 7.18 प्रतिशत हिस्सेदारी बढ़कर 7.21 प्रतिशत होने वाली है।

डीएमके सांसद ए. राजा बोले- पार्टी ने सर्वसम्मति से लिया फैसला

ए. राजा ने कहा कि यह फैसला शनिवार को डीएमके मुख्यालय ‘अन्ना अरिवलयम’ में पार्टी प्रमुख एम के स्टालिन की अध्यक्षता में हुई सांसदों की बैठक में विचार-विमर्श के बाद लिया गया। उन्होंने कहा, ‘हमने सभी राज्यों में मौजूदा स्तर से 50 प्रतिशत सीटें बढ़ाने के लिए पेश किए जा रहे प्रस्तावित (विधेयक) को डीएमके का समर्थन देने का फ़सला किया है।’

‘जरूरी हुआ तो हम संशोधन देंगे’

उन्होंने कहा, ‘हमारी लगातार मांग है कि 7.18% (लोकसभा में सीट शेयर) में कोई बदलाव नहीं होना चाहिए। अब इसे बनाए रखा जा रहा है।’ तमिलनाडु में अभी 39 लोकसभा सीटें हैं। उन्होंने कहा, ‘बेशक, प्रक्रियात्मक दिक्कतें हैं, हम उन्हें सुलझाएंगे। अगर जरूरी हुआ तो हम संशोधन देंगे।’

डीएमके का समर्थन केंद्र सरकार के लिए बड़ा सहारा

फिलहाल देखा जाए तो विधेयक को डीएमके का समर्थन, भाजपा की नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के विधेयक पास कराने के प्लान के लिए एक बड़ा सहारा होगा। पार्टी के लोकसभा में 22 सांसद और राज्यसभा में आठ सांसद हैं।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार डीएमके संसदीय दल ने एक बड़ा प्रस्ताव पास किया, जिसमें तमिलनाडु के मौजूदा 7.18 प्रतिशत संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों को सुरक्षित रखने का वादा किया गया और 1971 की जनगणना के आधार पर संवैधानिक रोक को 25 साल बढ़ाने की मांग की गई।

निष्पक्ष परिसीमन के लिए पार्टी के लगातार स्टैंड को बताते हुए प्रस्ताव में डीएमके की पुरानी सहयोगी कांग्रेस पर तीखा हमला किया गया और उस पर राजनीतिक मौकापरस्ती, पद के लिए ‘चुपके से पार्टी छोड़ने’ और परिसीमन के मुद्दे पर ‘असंभव यू-टर्न’ लेने का आरोप लगाया गया।

कांग्रेस को नसीहत – डीएमके को सिद्धांतों पर लेक्चर देने का ‘मजाक’ बंद करें

डीएमके के प्रस्ताव में कांग्रेस से यह भी कहा गया कि वह डीएमके को सिद्धांतों पर लेक्चर देने का ‘मजाक’ बंद करे और तमिलनाडु और दूसरे दक्षिणी राज्यों के संसद में प्रतिनिधित्व के अधिकारों को कमज़ोर करने वाले कदमों का समर्थन करने के ‘धोखेबाज’ काम से बचे।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular