Constitution Day : आंबेडकर के बहाने सपा पर बरसे सीएम योगी, बोले- वंचितों के सम्मान के लिए प्रतिबद्ध सरकार

लखनऊ, 26 नवंबर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को संविधान दिवस के अवसर पर ‘डॉ. बी. आर. आंबेडकर मूर्ति विकास योजना’ के तहत सौंदर्यीकरण कार्यों की शुरुआत की घोषणा की और कहा कि यह पहल संविधान निर्माता के विचारों, आदर्शों तथा सामाजिक न्याय के आदर्शों के प्रति उनकी सरकार की अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा साहब के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि उनके मूल्यों को आत्मसात करने और उनके सपनों का समतामूलक समाज बनाने के प्रयासों में निहित है।

आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”संविधान दिवस के पावन अवसर पर आज ‘डॉ. बी. आर. आंबेडकर मूर्ति विकास योजना’ के अंतर्गत सौंदर्यीकरण कार्यों की शुरुआत होने जा रही है। यह पहल ‘भारत रत्न’ बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर जी के विचारों, आदर्शों और सामाजिक न्याय के प्रति हमारी सरकार की अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक है।” उन्होंने समाजवादी पार्टी (सपा) के नेताओं पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने बाबा साहब और उनके स्मारकों के प्रति अमर्यादित टिप्पणियां कर वंचित समाज के स्वाभिमान को ठेस पहुंचाने में कोई कसर नहीं छोड़ी।

आदित्यनाथ ने कहा कि इसके विपरीत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बाबा साहब के जीवन से जुड़े पांच प्रमुख स्थलों को ‘पंचतीर्थ’ के रूप में विकसित कर उनकी विचारधारा और विरासत को वैश्विक पहचान दिलाई। उन्होंने कहा, ”इसी वैचारिक प्रतिबद्धता के साथ प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार संविधान की मूल भावना को शासन का आधार बनाकर ‘वंचित को वरीयता’ दे रही है। समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को सम्मान, समान अवसर और विकास का लाभ दिलाना ही हमारी सरकार का संकल्प है।” मुख्यमंत्री ने संविधान शिल्पी बाबा साहब आंबेडकर को नमन करते हुए प्रदेशवासियों को संविधान दिवस की शुभकामनाएं भी दीं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular