डाकघरों का होगा आधुनिकीकरण : मोदी कैबिनेट ने ‘पोस्टल ऑपरेशंस’ योजना के लिए मंजूर किए 1,141 करोड़ रुपये

नई दिल्ली, 25 नवम्बर। देश के सबसे बड़े डाक नेटवर्क ‘इंडिया पोस्ट’ को आधुनिक और हाई-टेक बनाने की दिशा में केंद्र सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। इस क्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 16वें वित्त आयोग चक्र (वित्त वर्ष 2026-27 से वित्त वर्ष 2030-31) के लिए 1,141 करोड़ रुपये के बजट के साथ केंद्रीय क्षेत्र की योजना ‘पोस्टल ऑपरेशंस’ (डाक संचालन) को जारी रखने की मंजूरी दे दी है।

24×7 स्मार्ट लेटर बॉक्स और हाई-टेक पार्सल हब से लैस होगा इंडिया पोस्ट

पांच वर्ष तक चलने वाली इस योजना का मुख्य उद्देश्य डाक बुनियादी ढांचे का आधुनिकीकरण करना, अंतिम छोर तक डेलिवरी (लास्ट-माइल डेलिवरी) को मजबूत बनाना और ई-कॉमर्स लॉजिस्टिक्स व डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा देना है। इस कड़ी में इंडिया पोस्ट अब 24×7 स्मार्ट लेटर बॉक्स और हाई-टेक पार्सल हब से लैस होगा

1.65 लाख डाकघरों के नेटवर्क से नागरिकों को मिलेंगी बेहतर सेवाएं

वर्तमान में इंडिया पोस्ट के पास देशभर में 1.65 लाख डाकघर हैं, जिनमें से 1,49,655 डाकघर ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित हैं। दूर-दराज के इलाकों में यह नेटवर्क डाक और पार्सल के अलावा कई महत्वपूर्ण सार्वजनिक सेवाएं उपलब्ध कराता है। इनमें पोस्ट ऑफिस सेविंग्स बैंक (POSB), इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (IPPB), पोस्टल लाइफ इंश्योरेंस (PLI), आधार नामांकन और अपडेट, पासपोर्ट सेवा केंद्र, केवाईसी (KYC) सत्यापन और ‘डाकघर निर्यात केंद्रों’ (DNKs) के माध्यम से ग्रामीण कारीगरों को निर्यात सहायता शामिल है। यह नई योजना ‘डिजिटल इंडिया’, ‘आत्मनिर्भर भारत’ और ‘विकसित भारत’ के लक्ष्यों को गति देगी।

योजना के तहत 6 प्रमुख उप-योजनाओं का पूरा बजट और खाका

  1. मेल नेटवर्क ऑप्टिमाइजेशन (575 करोड़ रुपये) : सबसे बड़ा हिस्सा मेल संचालन के आधुनिकीकरण पर खर्च होगा। इसके तहत ‘एडवांस्ड पोस्टल टेक्नोलॉजी (APT 2.0)’, जीआईएस (GIS) आधारित सेवाओं, मशीनीकरण और सेंट्रलाइज्ड डिलीवरी सिस्टम को लागू किया जाएगा। साथ ही, मेल मोटर सर्विस (MMS) वर्कशॉप, सड़क परिवहन नेटवर्क और आधुनिक स्मार्ट 24×7 लेटर बॉक्स को मजबूत किया जाएगा।
  2. पार्सल नेटवर्क ऑप्टिमाइजेशन (278 करोड़ रुपये) : ई-कॉमर्स और ग्रामीण बाजारों से बढ़ते पार्सल के दबाव को संभालने के लिए नए पार्सल हब बनाए जाएंगे और ‘पार्सल पैकेजिंग यूनिट्स (PPUs)’ का विस्तार होगा। इससे पार्सल पहुंचने के समय (ट्रांजिट टाइम) में कमी आएगी और मानकीकृत सुरक्षित पैकेजिंग से ग्राहकों का भरोसा बढ़ेगा।
  3. ग्रामीण व्यवसाय और पोस्टल नेटवर्क तक पहुंच (120 करोड़ रुपये) : इसका लक्ष्य ग्रामीण डाकघरों के बुनियादी ढांचे को अपग्रेड कर उन्हें कुशल नागरिक-केंद्रित सेवा केंद्रों में बदलना है, जिससे वित्तीय समावेशन और डिजिटल कनेक्टिविटी को बल मिलेगा।
  4. मार्केटिंग और सेवा की गुणवत्ता (100 करोड़ रुपये) : टीवी, डिजिटल, रेडियो, प्रिंट और सोशल मीडिया के जरिए प्रचार और ब्रांडिंग की जाएगी। ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों से सीधा जुड़ने के लिए ‘डाक चौपाल’ का विस्तार होगा। इसके अलावा स्टूडियो सुविधाओं, आईसीटी (ICT) सुधार और तीसरे पक्ष द्वारा सेवा गुणवत्ता के मूल्यांकन की व्यवस्था की जाएगी।
  5. फिलाटेली (डाक टिकट संग्रह) संचालन (60 करोड़ रुपये) : डाक टिकट संग्रह को बढ़ावा देने के लिए स्कूलों में फिलाटेलिक क्लब, प्रदर्शनी, क्विज़, ‘ढाई अक्षर’ पत्र-लेखन प्रतियोगिता और ‘स्पर्श’ (SPARSH) छात्रवृत्ति जैसे कार्यक्रम चलाए जाएंगे। साथ ही, सुगंधित, होलोग्राफिक और 3D स्टैम्प जैसे नए डिज़ाइन भी पेश किए जाएंगे।
  6. अंतरराष्ट्रीय मेल बुनियादी ढांचे का विस्तार (8 करोड़ रुपये) : अंतरराष्ट्रीय खेपों की तेज प्रोसेसिंग के लिए ‘फॉरेन पोस्ट ऑफिस (FPOs)’ और ‘सब फॉरेन पोस्ट ऑफिस (SFPOs)’ को अपग्रेड किया जाएगा, जिससे इंडिया पोस्ट की वैश्विक लॉजिस्टिक क्षमता और निर्यात सहायता में सुधार होगा।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular