शेयर बाजार की जबर्दस्त वापसी : सेंसेक्स में 1,502 अंकों की उछाल, निफ्टी 25,800 के पार

 

मुंबई, 25 नवम्बर। लगातार चार हफ्तों की तेजी के बाद पिछले कारोबारी सत्र (23 नवम्बर) में चार माह की सबसे बड़ी गिरावट देखने वाले घरेलू शेयर बाजार ने गुरुनानक जयंती की छुट्टी के उपरांत बुधवार को खुलते ही जबर्दस्त वापसी की और दोनों बेंचमार्क इंडेक्स उतार-चढ़ाव के बीच शानदार तेजी लेकर बंद हुए।

अमेरिकी डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपये के आठ माह के सर्वोच्च स्तर पर पहुंचने, कच्चे तेल में नरमी और प्रमुख बैंक शेयरों में खरीदारी का यह असर रहा कि बीएसई सेंसेक्स 1,502 अंक उछला जबकि एनएसई निफ्टी 470 अंकों की बढ़त के साथ 25,800 के पार चला गया।

रुपये में 40 पैसे की मजबूती, 8 माह के उच्चतम स्तर पर पहुंचा

रुपये की बात करें तो यह बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 40 पैसे मजबूत होकर 92.24 प्रति डॉलर पर बंद हुआ। यह आठ महीनों के अपने उच्चतम स्तर पर पहुंच गया है। विदेशी पोर्टफोलियो निवेश (FPI) में रिकॉर्ड आवक, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और डॉलर की बेहतर उपलब्धता ने रुपये को मजबूती दी। कारोबार के दौरान रुपया 92.1850 प्रति डॉलर के उच्चतम स्तर तक पहुंच गया था। यह 16 मार्च के बाद का इसका सबसे मजबूत स्तर है। उस समय यह 92.28 प्रति डॉलर पर बंद हुआ था।

सेंसेक्स 1.82 प्रतिशत चढ़कर 83,938.28 अंक पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 1,502.29 अंक यानी 1.82 प्रतिशत चढ़कर 83,938.28 अंक पर बंद हुआ। पिछले सत्र के मुकाबले 1,001 अंक की बढ़त लेकर खुला सूचकांक कारोबार के दौरान एक समय 2,062.22 अंकों की छलांग यानी 2.50 प्रतिशत उछलकर 84,498.21 अंक तक जा पहुंचा था। हालांकि बीच में इसनें दिन के उच्चतम स्तर से 1,117 अंकों की गिरावट से 83,380.75 का निचला स्तर भी देखा। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 26 के स्टॉक मजबूत हुए तो तीन में कमजोरी दिखी।

निफ्टी 469.60 अंकों की बढ़त से 25,819.25 पर बंद

उधर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 469.60 अंक यानी 1.85 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,819.25 पर बंद हुआ। पिछले सत्र के मुकाबले 309 अंकों की बढ़त के साथ खुला सूचकांक कारोबार के दौरान एक समय 602 अंक यानी 2.37 प्रतिशत चढ़कर 25,951.65 अंक तक पहुंच गया था। हालांकि बीच में इसके दिन के उच्चतम स्तर से 332 अंकों की गिरावट लेकर 25,619.00 का निचला स्तर भी देखा। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 39 के शेयर हरे निशान पर रहे तो 11 में गिरावट दर्ज की गई।

हिन्दुस्तान यूनिलीवर का शेयर सबसे अधिक 5.94 प्रतिशत चढ़ा

सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में हिन्दुस्तान यूनिलीवर का शेयर सबसे अधिक 5.94 प्रतिशत चढ़ा। ट्रेंट में 3.59 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक में 3.44 प्रतिशत, इंटरग्लोब एविएशन में 3.24 प्रतिशत, एचडीएफसी बैंक में 3.18 प्रतिशत और बजाज फाइनेंस में 3.04 प्रतिशत की तेजी रही। हालांकि, टाटा स्टील, भारती एयरटेल और टाइटन के शेयर गिरावट के साथ बंद हुए।

एफआईआई ने 5,672.99 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे

इस बीच शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 5,672.99 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे। वहीं वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का वायदा भाव 0.19 प्रतिशत गिरकर 91.38 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular