गोरखपुर, 19 नवम्बर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गोरखपुर में एक नाबालिग की मौत को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) पर तीखा निशाना साधा और आरोप लगाया कि सपा के रोड शो के दौरान फैली अराजकता के कारण 12 वर्षीय बच्चे की जान चली गई। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिया कि सड़कों पर अराजकता फैलाने वाले उपद्रवियों के खिलाफ सख्त काररवाई की जाए। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को ऐसी सजा मिलनी चाहिए, जिसे उनकी आने वाली पीढ़ियां भी याद रखें।
रोड शो के दौरान बच्चे की मौत पर सपा को घेरा
गोरखपुर में गुरुवार को ‘जन चौपाल’ को संबोधित करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि एक प्रतिष्ठित स्कूल में पढ़ाई करने के लिए आया 12 वर्षीय मासूम अपने पिता और परिवार के साथ रहता था। सपा के रोड शो के दौरान हुई घटना में उसकी जान चली गई। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि माफिया और गुंडागर्दी को संरक्षण देने वाले लोग इस घटना पर खामोश रहे और उन्होंने संवेदना का एक शब्द तक नहीं कहा। उन्होंने बच्चे की मौत पर दुख जताते हुए कहा कि वह पीड़ित परिवार से मिलने जाएंगे। सीएम योगी देर शाम पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और मृत बच्चे के परिजनाों को ढाढस बंधाया।
गोरखपुर निवासी श्री ओंकार सिंह जी के पुत्र आर्य बर्धन सिंह जी के आकस्मिक निधन पर आज उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी एवं शोक संतप्त परिजनों से भेंट कर ढांढस बंधाया।
प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को सद्गति और शोकाकुल परिवार को यह अथाह दुःख सहन करने की शक्ति दें।
ॐ शांति।
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) November 19, 2026
उपद्रवियों को ऐसी सजा मिलेगी, जिसे पीढ़ियां याद रखेंगी
सीएम योगी ने कहा कि प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि सड़कों पर अराजकता फैलाने वाले लोगों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कड़ी काररवाई की जाए। उन्होंने कहा, ‘उन्हें ऐसी सजा मिलनी चाहिए, जिसे उनकी आने वाली पीढ़ियां भी याद रखें। उत्तर प्रदेश की सड़कें जनता के निर्बाध आवागमन के लिए बनाई गई हैं न कि सपा और कांग्रेस के गुंडों द्वारा अराजकता फैलाने के लिए।’ उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी ने दोबारा माफियागिरी दिखाने की कोशिश की तो उसे मिट्टी में मिला दिया जाएगा।
जनपद गोरखपुर में आयोजित जन चौपाल कार्यक्रम में…
https://t.co/LCkv7JswKG
— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) November 19, 2026
अखिलेश यादव ने भी जताया दुख
हालांकि मुख्यमंत्री योगी की टिप्पणियों के करीब एक घंटे बाद सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर नाबालिग की मौत पर गहरा दुख जताया। उन्होंने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए पीड़ित परिवार की मदद का भरोसा भी दिया। उल्लेखनीय है कि बीते दिन अखिलेश यादव के रोड शो के दौरान ही भाजपा नेता के नाबालिग बेटे की दर्दनाक मौत हुई थी।
ओवैसी और चंद्रशेखर के बीच गठबंधन की चर्चा पर भी बोले योगी
इस दौरान मुख्यमंत्री ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद के बीच गठबंधन की चर्चा पर भी प्रतिक्रिया दी। ओवैसी का नाम लिए बिना उन्हें ‘मौलाना’ संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा, ‘हैदराबाद से अभी-अभी आए मौलाना बहुत बेचैन हो रहे हैं। चिंता मत कीजिए, उत्तर प्रदेश चुनाव के नतीजे घोषित होने वाले दिन यह तय हो जाएगा कि हैदराबाद भाग्य लक्ष्मीपुरम बन गया है।’
कांग्रेस, सपा और बसपा पर लगाए अराजकता फैलाने के आरोप
सीएम योगी ने कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) को एक ही तरह की पार्टियां बताते हुए आरोप लगाया कि जब भी इन दलों को प्रदेश में सत्ता का अवसर मिला, उन्होंने अराजकता फैलाने और विकास के नाम पर लूट करने का काम किया। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में पर्याप्त काम नहीं किया। किसानों को लाभ पहुंचाने, बाढ़ से बचाव के उपाय करने और गरीबों तक राशन पहुंचाने में भी अनियमितताएं हुईं। उन्होंने आरोप लगाया कि बुजुर्गों और दिव्यांगों की पेंशन में कटौती की गई, विद्यार्थियों की छात्रवृत्ति में हेराफेरी हुई और महिलाओं की सुरक्षा की अनदेखी की गई।
आज जनपद गोरखपुर में आयोजित ‘जन चौपाल’ कार्यक्रम में सम्मिलित हुआ।
भारत के संविधान को सशक्त बनाना तथा देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण रखते हुए राष्ट्रहित में कार्य करना भारतीय जनता पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता का संकल्प है।
भाजपा के सभी समर्पित कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं महानगर की पूरी टीम का हृदय से अभिनंदन।
@BJP4India
@BJP4UP— Yogi Adityanath (@myogiadityanath) November 19, 2026
विपक्ष पर विदेशों में संपत्ति जमा करने का भी आरोप
मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर विदेशों में भारी संपत्ति जमा करने और दंगाइयों के सामने झुकने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इन दलों ने अपने शासनकाल में प्रदेश की कानून-व्यवस्था और विकास को प्रभावित किया तथा माफिया और अपराधियों को संरक्षण दिया।
अयोध्या से चुनाव लड़ने की अखिलेश की चुनौती पर दिया जवाब
सपा प्रमुख अखिलेश यादव की ओर से अयोध्या से चुनाव लड़ने की चुनौती पर भी मुख्यमंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, ‘अगर आप वहां से नामांकन दाखिल करते हैं तो मैं भी अपना नामांकन दाखिल करूंगा। आमने-सामने का मुकाबला होने दीजिए।’ उन्होंने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव में सीधे राजनीतिक मुकाबले का साहस नहीं है।
माफिया और अपराधियों को संरक्षण देने का लगाया आरोप
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि ये वही लोग हैं, जिन्होंने माफिया के दम पर उत्तर प्रदेश को नुकसान पहुंचाया, युवाओं के रोजगार में बाधा डाली और बेटियों तथा व्यापारियों की सुरक्षा को खतरे में डाला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने और अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ सरकार सख्त काररवाई जारी रखेगी।


