UGC नेट ने जारी किया विषयवार परीक्षा का कार्यक्रम, 14 से 21 दिसम्बर तक होगी परीक्षा

नई दिल्ली, 19 नवम्बर। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने UGC नेट दिसम्बर, 2026 की विषयवार परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया है। यह परीक्षा 14 से 18 दिसम्बर और फिर 21 दिसम्बर को आयोजित की जाएगी। परीक्षा कंप्यूटर आधारित होगी। इसके लिए दो पालियां तय की गई हैं। पहली पाली पूर्वाह्न नौ बजे से मध्याह्न 12 बजे तक चलेगी जबकि दूसरी पाली दोपहर तीन बजे से शाम छह बजे तक होगी।

NTA ने गुरुवार को सार्वजनिक सूचना जारी कर परीक्षा का पूरा कार्यक्रम अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराया है। विषयवार परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार, 14 दिसम्बर को पहली पाली में इतिहास, पाली, प्राकृत, तुलनात्मक साहित्य और लोक प्रशासन की परीक्षा होगी। एनटीए के अनुसार, अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र के शहर की जानकारी परीक्षा की तारीख से 21 दिन पहले दी जाएगी। इससे उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र वाले शहर की जानकारी पहले ही मिल सकेगी और वे अपनी यात्रा की तैयारी कर सकेंगे।

एनटीए ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे परीक्षा से जुड़े नए अपडेट, दिशा-निर्देश और अन्य सूचनाओं के लिए नियमित रूप से आधिकारिक वेबसाइट https://nta.ac.in/ देखते रहें। किसी भी तरह की जानकारी या सहायता के लिए उम्मीदवार 011-40759000 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा टोल-फ्री नंबर और ईमेल के जरिए भी सहायता ली जा सकती है। एनटीए के अनुसार, यूजीसी-नेट दिसंबर 2026 के लिए कुल 9,75,505 अभ्यर्थियों ने आवेदन शुल्क का भुगतान किया है।

उल्लेखनीय है कि बीते दिनों एनटीए ने यूजीसी-नेट दिसम्बर 2026 के अभ्यर्थियों को ऑनलाइन आवेदन पत्र में सुधार का अवसर दिया था। आवेदन में संशोधन के लिए करेक्शन विंडो दो नवम्बर से खोली गई थी। अभ्यर्थियों के पास चार नवम्बर 2026 को रात 11 बजकर 50 मिनट तक अपने आवेदन पत्र में दर्ज विवरण में जरूरी बदलाव का अवसर था। इस दौरान कई अभ्यर्थियों ने अपने दस्तावेजों के आधार पर आवेदन पत्र में सुधार किया।

अभ्यर्थियों को सलाह दी गई थी कि वे करेक्शन विंडो के दौरान अपने आवेदन पत्र में दर्ज सभी जानकारियों की अच्छी तरह जांच कर लें और किसी भी तरह की गलती होने पर निर्धारित समय सीमा के भीतर उसे ठीक कर लें। एनटीए की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र वाले शहर की जानकारी नवंबर के अंतिम सप्ताह तक दे दी जाएगी। इसके अलावा परीक्षा केंद्र में प्रवेश के लिए एडमिट कार्ड सात दिसम्बर को जारी किए जा सकते हैं।

वहीं, परीक्षा का विषयवार कार्यक्रम नेशनल टेस्टिंग एजेंसी द्वारा जल्द घोषित कर दिया गया है। NTA ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे अपना कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड करके सुरक्षित रखें। आगे की सूचनाओं के लिए एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट https://nta.ac.in/ नियमित रूप से देखते रहने की सलाह दी गई है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular