अहमदाबाद, 16 नवंबर। गुजरात में नशीले पदार्थों के अवैध निर्माण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए स्वापक नियंत्रण ब्यूरो (NCB) की अहमदाबाद आंचलिक इकाई ने गुजरात पुलिस के साथ मिलकर मेफेड्रोन (MD) बनाने वाली एक गुप्त प्रयोगशाला का भंडाफोड़ किया है। संयुक्त टीम ने अहमदाबाद के ग्यासपुर इलाके में छापेमारी कर संदिग्ध मेफेड्रोन, 130.613 किलोग्राम रसायन और कई प्रयोगशाला उपकरण बरामद किए हैं। एनडीपीएस एक्ट, 1985 के तहत मेफेड्रोन प्रतिबंधित मादक पदार्थ है।
‘ऑपरेशन सिंथेटिक ड्रग’ के तहत की गई कार्रवाई
एनसीबी के मुताबिक, विशिष्ट खुफिया सूचना मिलने के बाद अहमदाबाद आंचलिक इकाई ने ‘ऑपरेशन सिंथेटिक ड्रग’ शुरू किया। इसके तहत एनसीबी और गुजरात पुलिस की संयुक्त टीम ने अहमदाबाद के सरखेज रोड स्थित ग्यासपुर इलाके में लब्बैल पार्क के एल-2/13 परिसर में तलाशी अभियान चलाया। यह परिसर मुदस्सर अहमद खान का बताया गया है। तलाशी के दौरान बेसमेंट में एक गुप्त प्रयोगशाला मिली, जहां मेफेड्रोन के अवैध निर्माण में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और रासायनिक पदार्थ रखे हुए थे।
-
तरल और पाउडर के रूप में मिला मेफेड्रोन
तलाशी के दौरान परिसर में रखी एक दराज से संदिग्ध मेफेड्रोन बरामद किया गया। एनसीबी के अनुसार, तरल अवस्था में कांच की शीशी सहित इसका सकल वजन 26.85 ग्राम था, जबकि पाउडर के रूप में 0.70 ग्राम पदार्थ मिला। इस तरह दोनों अवस्थाओं में कुल 27.55 ग्राम संदिग्ध मेफेड्रोन बरामद किया गया। एजेंसी ने स्पष्ट किया कि तरल पदार्थ के वजन में कांच की शीशी का वजन भी शामिल है।
- 130.613 किलो रसायन और प्रयोगशाला उपकरण जब्त
कार्रवाई के दौरान टीम ने सिंथेटिक मादक पदार्थों के अवैध निर्माण में इस्तेमाल होने की आशंका वाले कुल 130.613 किलोग्राम रसायन और अन्य सामग्री जब्त की। इनमें सोडियम हाइड्रॉक्साइड, एसीटोन, सल्फ्यूरिक एसिड, मिथाइलएमाइन, हाइड्रोक्लोरिक एसिड, हाइड्रोब्रोमिक एसिड, प्रोपियोनाइल क्लोराइड, ब्रोमीन, ग्लेशियल एसिटिक एसिड और हाइड्रोजन पेरॉक्साइड जैसे रसायन शामिल हैं। जब्त सामग्री में औद्योगिक श्रेणी का मिथाइल डाइक्लोराइड सबसे अधिक मात्रा में मिला। इसकी मात्रा 86.650 किलोग्राम बताई गई है। इसके अलावा सल्फर-मुक्त टोल्यून, आइसोप्रोपाइल अल्कोहल और एथाइल एसीटेट समेत अन्य रसायन भी बरामद किए गए। प्रयोगशाला से हीटिंग मेंटल, डिजिटल मैग्नेटिक स्टिरर, पिपेट, राउंड बॉटम फ्लास्क, ड्रॉपिंग फनल, सेपरेटिंग फनल, बीकर, स्टैंड, स्पीड रेगुलेटर और तापमान मापने वाले उपकरण भी जब्त किए गए।
-
एनसीबी जोनल डायरेक्टर ने क्या कहा?
एनसीबी के जोनल डायरेक्टर घनश्याम सोनी ने बताया कि नशामुक्त भारत अभियान के तहत अहमदाबाद जोनल यूनिट ने सिंथेटिक ड्रग्स के अवैध निर्माण से जुड़े नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। गुप्त सूचना के आधार पर गुजरात पुलिस के साथ संयुक्त टीम ने ग्यासपुर स्थित परिसर में छापेमारी की थी। उन्होंने कहा कि परिसर के बेसमेंट में बेहद गोपनीय तरीके से प्रतिबंधित मेफेड्रोन तैयार करने की प्रयोगशाला चलाई जा रही थी। मौके से ड्रग्स के निर्माण में इस्तेमाल होने वाले 130.613 किलोग्राम रसायन जब्त किए गए हैं। इनमें 86.65 किलोग्राम औद्योगिक मिथाइल डाइक्लोराइड के अलावा कई अन्य रसायन शामिल हैं।
- नेटवर्क और अंतरराज्यीय कनेक्शन की जांच जारी
एनसीबी के अनुसार, गुप्त प्रयोगशाला, संदिग्ध मेफेड्रोन, बड़ी मात्रा में रसायनों और विशेष प्रयोगशाला उपकरणों की बरामदगी से परिसर का इस्तेमाल सिंथेटिक मादक पदार्थों के अवैध निर्माण में किए जाने की आशंका है। फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है। एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि जब्त रसायन कहां से लाए गए थे, इस गतिविधि में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और क्या इस नेटवर्क के तार दूसरे राज्यों से भी जुड़े हुए हैं। जांच में मादक पदार्थों के निर्माण से लेकर उनकी तस्करी तक की पूरी कार्यप्रणाली का पता लगाने पर भी ध्यान दिया जा रहा है।


