नई दिल्ली, 15 नवंबर। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती और जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर देशभर में उन्हें श्रद्धांजलि दी जा रही है। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, मनोहर लाल, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत कई नेताओं ने महान जननायक को नमन किया। नेताओं ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, साहस, बलिदान और जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए उनके योगदान को याद करते हुए देशवासियों को जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं दीं।
नितिन गडकरी बोले- शौर्य और पराक्रम का प्रतीक है बिरसा मुंडा का जीवन
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा, “देश के महान सपूत भगवान बिरसा मुंडा का जीवन शौर्य और पराक्रम का प्रतीक है। अपने कार्य और अपनी सोच से उन्होंने समाज को एक नई दिशा दी। ऐसे जननायक की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन। जनजातीय गौरव दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।”
वहीं, केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों और बिजली मंत्री मनोहर लाल ने भगवान बिरसा मुंडा को स्वतंत्रता संग्राम का महानायक बताते हुए उन्हें नमन किया। उन्होंने लिखा कि अंग्रेजों के खिलाफ ‘उलगुलान’ आंदोलन का बिगुल फूंकने वाले धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष हमेशा याद किया जाएगा।
सीएम योगी ने कहा- जनजातीय समाज के गौरव हैं धरती आबा
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर अपने संदेश में लिखा, “जय जोहार… महान जननायक, स्वतंत्रता संग्राम के अमर योद्धा व जनजातीय समाज के गौरव, ‘धरती आबा’ भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर कोटि-कोटि नमन तथा जनजातीय गौरव दिवस की सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।”
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा ने अपने विचारों और संघर्ष से जनजातीय समाज को नई दिशा और पहचान दी। उनका साहस, नेतृत्व और समाज के प्रति समर्पण एक सशक्त, जागरूक और समरस समाज के निर्माण की प्रेरणा देता रहेगा।
धामी और रेखा गुप्ता ने भी दी श्रद्धांजलि
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भगवान बिरसा मुंडा को महान स्वतंत्रता सेनानी और जनजातीय गौरव का प्रतीक बताते हुए नमन किया। उन्होंने कहा कि उनके विचारों से प्रेरणा लेकर राज्य सरकार जनजातीय समाज के उत्थान के लिए प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने संदेश में भगवान बिरसा मुंडा को जनजातीय स्वाभिमान, साहस और राष्ट्रभक्ति का अमर प्रतीक बताया। उन्होंने उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि देते हुए सभी देशवासियों को जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं दीं।
विष्णु देव साय और नायब सैनी ने याद किया संघर्ष और बलिदान
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भगवान बिरसा मुंडा के जीवन को अदम्य साहस, स्वाभिमान और मातृभूमि के प्रति समर्पण का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि अपनी माटी, संस्कृति और अधिकारों की रक्षा के लिए बिरसा मुंडा का संघर्ष और बलिदान युगों-युगों तक लोगों को प्रेरित करता रहेगा।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि जल, जंगल और जमीन के अधिकारों के लिए आवाज उठाने वाले भगवान बिरसा मुंडा ने अपने संघर्ष और नेतृत्व से पूरे देश को आत्मसम्मान तथा अधिकारों की रक्षा का रास्ता दिखाया। उनकी जीवनगाथा आज भी जनसेवा, न्याय और अपनी माटी के प्रति समर्पण की प्रेरणा देती है।
हर्ष संघवी और एकनाथ शिंदे ने भी किया नमन
गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने भगवान बिरसा मुंडा को जनजातीय अस्मिता, साहस और स्वाभिमान का प्रतीक बताया। उन्होंने जनजातीय गौरव दिवस पर आदिवासी समाज की समृद्ध संस्कृति और गौरवशाली परंपराओं को नमन किया।महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने भी भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने उन्हें झारखंड में मुंडा आंदोलन का जनक और आदिवासी समुदायों के अधिकारों के लिए संघर्ष करने वाला महान जननेता बताया।
पंकज चौधरी और बृजभूषण शरण सिंह ने भी दी शुभकामनाएं
उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भगवान बिरसा मुंडा को महान स्वतंत्रता सेनानी बताते हुए कहा कि जनजातीय समाज ने देश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को सहेजने के साथ भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में भी अद्वितीय योगदान दिया है। उन्होंने जनजातीय गौरव दिवस की देशवासियों को शुभकामनाएं दीं।
भाजपा नेता बृजभूषण शरण सिंह ने भी भगवान बिरसा मुंडा को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने उन्हें महान स्वतंत्रता सेनानी, समाज सुधारक और जनजातीय अस्मिता का नायक बताते हुए कहा कि देश और संस्कृति की रक्षा के लिए उनका त्यागमय जीवन आने वाली पीढ़ियों के लिए सदैव प्रेरणादायक रहेगा।


