सीतापुर, छह नवम्बर। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के पिसावा इलाके में शुक्रवार को भयावह सड़क हादसा हुआ, जब मुंडन संस्कार से लौट रहे ग्रामीणों की ट्रैक्टर-ट्रॉली को तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। ट्रक की टक्कर से ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे पांच लोगों की मौत हो गई जबकि 17 लोग घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन व पुलिस के शीर्ष अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद पीएचसी पिसावां से जिला अस्पताल सीतापुर रेफर किया गया है।
इंस्पेक्टर प्रभात कुमार गुप्ता ने बताया कि हादसे में पांच लोगों की मौत हुई है। अन्य कई घायल हैं। सभी को बेहतर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। कुछ अन्य को जिला अस्पताल भी रेफर किए गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पिसावां थाना क्षेत्र के बरगवां रसूलपुर गांव के ग्रामीण हरदोई जनपद के रामपुर स्थित शिव मंदिर में मुंडन संस्कार कराने गए थे। संस्कार संपन्न होने के बाद सभी ट्रैक्टर-ट्रॉली से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान पिसावां थाना क्षेत्र के हिम्मतनगर चंदवापुर के पास एक ट्रक ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ट्रॉली पलट गई और उसपर सवार लोग उसके नीचे दब गए।
हादसे में पांच लोगों की जान चली गई जबकि 17 लोग घायल हो गए। मृतकों में काजल (10) पुत्री दाताराम, सुशीला (50) पत्नी विष्णु, रूबी (22) पुत्री विष्णु और सुनीता (40) पत्नी रामकुमार शामिल हैं। चारों बरगवां गांव की निवासी थीं। वहीं, पांचवीं मृतका की पहचान अंतिम समाचार मिलने तक नहीं हो सकी थी। उसकी उम्र करीब 58 वर्ष बताई जा रही है। सभी मृतक एक ही गांव के बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।


