एक दिनी सीरीज : भारत की बड़ी जीत में प्रतिका का नाबाद शतक, पहले मैच में जिम्बाब्वे 9 विकेट से पिटा

वडोदरा, 23 अक्टूबर। टी20 सीरीज में क्लीन स्वीप हासिल करने के बाद भारतीय महिलाओं ने कमजोर जिम्बाब्वे के खिलाफ एक दिनी सीरीज में भी शानदार शुरुआत की और गेंदबाजी व बल्लेबाजी में समग्र प्रदर्शन के सहारे शुक्रवार को यहां खेले गए पहले मुकाबले में 137 गेंदों के शेष रहते नौ विकेट की बड़ी जीत से 1-0 की अहम बढ़त हासिल कर ली।

चरणी व क्रांति एंड कम्पनी ने जिम्बाब्वे को 197 पर रोका

कोटाम्बी स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी का फैसला करने वाली मेहमान टीम वामहस्त पेसस श्री चरणी (4-23) व मीडियम पेसर क्रांति गौड़ (3-42) सहित अन्य गेंदबाजों के सामने ज्यादा दूर नहीं जा सकी और बिलव्ड बिजा की अर्धशतकीय कोशिश (62 रन, 92 गेंद, पांच चौके) के बावजूद 49.5 ओवरों में 197 रनों पर सीमित हो गई।

प्रतिका का तीसरा सैकड़ा, स्मृति व शेफाली संग मिलकर एकतरफा जीत तय की

जवाबी काररवाई में ओपनर प्रतिका रावल ने न सिर्फ तीसरा एक दिनी शतक (नाबाद 100 रन, 96 गेंद, 15 चौके) जड़ा वरन कप्तान स्मृति मंधाना (32 रन, 34 गेंद, चार चौके) व तूफानी अंदाज प्रदर्शित करने वालीं शेफाली वर्मा (नाबाद 64 रन, 33 गेंद, चार छक्के, पांच चौके) के साथ दो अहम भागीदारियों से मेजबानों की एकतरफा जीत सुनिश्चित कर दी, जिन्होंने 27.1 ओवरों में एक विकेट पर ही 200 रन बना लिए।

स्मृति व प्रतिका ने 93 गेंदों पर जोड़े 94 रन

कमोबेश आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरीं दिल्लीवासी प्रतिका व स्मृति ने 93 गेंदों पर 94 रनों की साझेदारी की। हालांकि 16वें ओवर में लेग स्पिनर ओलिंडर चारे ने मंधाना को लौटाया, जिन्होंने लांग ऑन में बिलव्ड बिजा को कैच थमा दिया।

प्रतिका व शेफाली के बीच 70 गेंदों पर 106 रनों की अटूट भागीदारी

फिलहाल शेफाली ने क्रीज थामते ही उग्र रूप धारण लिया। टी20 सीरीज के अंतिम दो मैचों में अर्धशतक जड़ने वाली हरियाणवी बल्लेबाज ने फिर पचासा जड़ा। इस क्रम में प्रतिका व शेफाली के बीच सिर्फ 70 गेंदों पर 106 रनों की अटूट भागीदारी हो गई। ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ प्रतिका ने 27वें ओवर में जहां टेंडाई माकुशा पर दो चौकों सहित 10 रन लेकर अपना शतक पूरा किया वहीं शेफाली ने अगले ओवर में न्याशा ग्वांजुरा की पहली गेंद पर विजयी चौका जड़ दिया।

स्कोर कार्ड

इसके पूर्व जिम्बाब्वे की पारी में एक भी अर्धशतकीय भागीदारी देखने को नहीं मिली। क्रांति गौड़ ने तीसरे ओवर में लोरिन फिरि (एक रन) को अपनी ही गेंद पर लौटाया तो फिर एक भी बड़ी भागीदारी विकसित नहीं हो सकी।

भारतीय गेंदबाजों के सामने बिलव्ड बिजा ही 50 के ऊपर जा सकीं

बिलव्ड बिजा ने भले ही अर्धशतक जड़ा, लेकिन उन्हें छोड़ सिर्फ तीन अन्य बल्लेबाज – ओपनर मोडेस्टर मुपाचिकवा (25 रन, 44 गेंद, चार चौके), चिपो मुगेरी-त्रिपिआनो (21 रन, 27 गेंद,तीन चौके) व मिशेल मावुंगा (29 रन, 23 गेंद, एक छक्का, तीन चौके) 20 रनों के ऊपर जा सकीं। एक दिनी करिअर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वालीं श्री चरणी व क्रांति के अलावा दीप्ति शर्मा (2-44) व शेफाली वर्मा (1-28) ने भी विकेट निकाले।

रविवार को इसी मैदान पर खेला जाएगा दूसरा मैच

दोनों टीमों के बीच रविवार (25 अक्टूबर) को इसी मैदान पर दूसरा मैच खेला जाएगा और 28 अक्टूबर को यहीं तीसरे व अंतिम मैच से सीरीज का समापन होगा।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular