लाल सागर में भारतीय नौका पर सऊदी ने किया अटैक, हूती विद्रोहियों ने नौका पर सवार 14 भारतीयों को बचाया

नई दिल्ली, 22 अक्टूबर। यमन के हूती विद्रोहियों ने दावा किया है कि सऊदी अरब की सेना ने लाल सागर में युकार द्वीप के निकट एक भारतीय नौका को निशाना बनाया है। इस नौका पर 14 भारतीय सवार थे। हूती विद्रोहियों ने रेस्क्यू ऑपरेशन लॉन्च कर सभी नाविकों को बचाया।

हूती प्रवक्ता याह्या सारी ने X पर बताया कि इस नौका में 14 भारतीय नागरिक सवार थे। यह आरोप सऊदी के बुनियादी ढांचे पर बढ़ते हमलों के बीच सामने आया है। बुधवार को दम्माम के किंग फहद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुए एक हमले में भी दो लोग मारे गए, जिनमें एक भारतीय नागरिक भी शामिल था।

हूती-समर्थित यमनी सशस्त्र बलों के सैन्य प्रवक्ता ब्रिगेडियर याह्या सरी ने पोस्ट किया, ‘सऊदी दुश्मन ज़ुकार द्वीप के पास एक भारतीय नौका को निशाना बना रहा है। सऊदी दुश्मन की यह गैर-जिम्मेदाराना हरकत लाल सागर में अंतरराष्ट्रीय नौवहन के लिए खतरा है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय को सऊदी दुश्मन को ऐसी गैर-जिम्मेदाराना हरकतों से रोकना चाहिए।’

फिलहाल यह घटना किन परिस्थितियों में हुई है, भारतीयों को किन हालात में निशाना बनाया गया है, ये तात्कालिक तौर पर  स्पष्ट नहीं हो सका। भारत सरकार ने अब तक इस घटना पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

हूती-समर्थित यमनी सशस्त्र बलों के सैन्य प्रवक्ता ने सऊदी को दी जवाबी काररवाई की चेतावनी

याह्या सारी ने आगे सऊदी अरब को धमकाते हुए कहा कि हूती सशस्त्र सेना ने तय किया है कि यमनी ट्राइब को निशाना बनाने की सऊदी दुश्मन की धमकी बिना जवाब के नहीं रहेगी। उन्होंने कहा कि इस खतरे को अंजाम देने में शामिल होने की स्थिति में, परिणाम उसके लिए विनाशकारी और अप्रत्याशित होंगे। उन्होंने कहा, ‘हम उन प्रमुख विकल्पों का सहारा लेंगे, जिन्हें हम अपनाना नहीं चाहते थे, और इसके परिणामस्वरूप होने वाले परिणामों के लिए इसे जिम्मेदार ठहराएंग।’

सारी ने कहा, ‘यमनी सशस्त्र बल हमारे देश और लोगों की रक्षा के लिए सऊदी क्षेत्र में अपने अभियानों को जारी रखेंगे, और वे घेराबंदी के साथ घेराबंदी के समीकरण को लागू करने, सऊदी दुश्मन से जुड़ी लामबंदी को निशाना बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं, जब तक कि आक्रामकता बंद नहीं हो जाती।’

सऊदी के दम्माम एयरपोर्ट पर हमले में भारतीय की मौत

इसके पूर्व सऊदी अरब के दम्माम एयरपोर्ट पर हुए एक हमले में एक भारतीय की मौत हो गई। यह हमला बुधवार रात को दम्माम के किंग फहद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हुआ था। इस दौरान दो भारतीय भी घायल हो गए थे।

भारत ने हमलों की निंदा की

भारत ने सऊदी अरब में नागरिक सुविधाओं और ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर हुए हमलों की कड़ी निंदा की है और इन हमलों को तुरंत रोकने की मांग की है।

विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘हम सऊदी अरब में नागरिक और ऊर्जा बुनियादी ढांचे पर लगातार हो रहे हमलों की कड़ी निंदा करते हैं। इनमें 21 अक्टूबर को दम्मम स्थित किंग फहद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और पूर्वी प्रांत में सऊदी अरामको के शायबाह तेल क्षेत्र पर हुए हमले भी शामिल हैं।’

भारतीय दूतावास ने सऊदी अरब में मौजूद नागरिकों के लिए एडवाइजरी भी जारी की

भारतीय दूतावास ने सऊदी अरब में मौजूद भारतीय नागरिकों के लिए एक एडवाइजरी भी जारी की है। इसमें उनसे सतर्क रहने, स्थानीय अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने और हवाई हमलों के दौरान घर के अंदर सुरक्षित रहने की अपील की गई है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular