मुंबई, 18 अक्टूबर। फिल्म अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर रविवार को जुहू इलाके में फायरिंग की घटना सामने आई है। राहत की बात यह रही कि टाइगर श्रॉफ बाल-बाल बच गए और उन्हें कोई चोट नहीं आई। हालांकि उनकी के ड्राइवर व एक राहगीर के घायल होने की सूचना है। मुंबई पुलिस के डीसीपी ने इस घटना की पुष्टि की है।
पुलिस के अनुसार जुहू पुलिस स्टेशन के अंतर्गत फायरिंग की घटना हुई। टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर गोली चलायी गई थी। फिलहाल पुलिस प्रशासन मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की जांच में जुट गया है।

वहीं मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जुहू इलाके में तीन हमलावरों ने मोटरसाइकिल पर आकर बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ और उनके ड्राइवर पर गोलियां चलाईं। टाइगर श्रॉफ तो इस हमले में साफ बच गए, लेकिन उनके ड्राइवर फिरदोश और एक आम नागरिक घायल हो गए, जिन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया। फिरदोश के बाएं हाथ में गोली लगी है।
सीएम फडणवीस ने दिए घटना की जांच के आदेश, जांच में 15 टीमें शामिल
इस बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अभिनेता टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाकर की गई गोलीबारी की जांच के आदेश दिए हैं। इस जांच में 15 टीमें शामिल होंगी। फडणवीस ने पुलिस कमिश्नर से कहा है कि वह हमलावरों के खिलाफ सख्त काररवाई करें और मामले की जल्द से जल्द जांच पूरी करें।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली हमले की जिम्मेदारी, सलमान खान को भी दी नई धमकी
घटना का उल्लेखनीय तथ्य यह है कि इस गोलीबारी की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है। साथ ही, इस गैंग ने अभिनेता सलमान खान को भी एक नई धमकी दी है। NDTV की रिपोर्ट के अनुसार गैंग के एक प्रतिनिधि होने का दावा करने वाले व्यक्ति ने एक ऑडियो फाइल जारी की है। इसमें कहा गया है कि उसने टाइगर श्रॉफ को इसलिए निशाना बनाया कि उन्होंने गैंग की ‘चेतावनी’ के बावजूद सलमान खान के साथ काम करना जारी रखा।
‘जो व्यक्ति सलमान के साथ काम करेगा, हम उसे मार डालेंगे’
उस व्यक्ति ने हमले की जिम्मेदारी ली और मुंबई फिल्म इंडस्ट्री के उन अन्य लोगों को भी धमकी दी जो सलमान खान के साथ काम करते हैं। ऑडियो नोट में उस व्यक्ति को यह कहते हुए सुना जा सकता है, ‘फिल्म इंडस्ट्री में जो कोई भी हमसे अलग काम करता है, या सलमान खान के साथ काम करता है, हम उसे मार डालेंगे। यह हमारी पहली और आखिरी चेतावनी है। यह सलमान खान दाऊद (इब्राहिम) का कुत्ता है, और हमने भी घर में दाऊद नाम का एक कुत्ता पाल रखा है।’
गौरतलब है कि लॉरेंस बिश्नोई और उसके गैंग का नाम भारत और विदेशों में हत्या, जबरन वसूली (एक्सटॉर्शन), और हथियारों व ड्रग्स की तस्करी जैसे मामलों से जुड़ा रहा है। कनाडा ने भी इस गैंग पर वैंकूवर के पास प्रमुख सिख कार्यकर्ता और कनाडाई नागरिक हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में शामिल होने का आरोप लगाया है।
कनाडा ने लॉरेंस बिश्नोई और उसके गैंग को एक ‘आतंकी संगठन’ (टेररिस्ट एंटिटी) घोषित किया है। यह घोषणा कनाडा के सार्वजनिक सुरक्षा मंत्री गैरी आनंदसांगरी ने 29 सितम्बर, 2025 को की थी।
कांग्रेस ने महायुति सरकार पर बोला तीखा हमला
फिलहाल टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर हुई फायरिंग के बाद मुंबई में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर राजनीतिक पारा गरमा गया है। कांग्रेस प्रवक्ता सचिन सावंत ने राज्य की महायुति सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए गुस्से में सवाल उठाया है, ‘आखिर मुंबई में चल क्या रहा है?’
सचिन सावंत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट साझा करते हुए हालिया घटनाओं का जिक्र किया। उन्होंने एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या, अभिनेता सलमान खान के घर के बाहर हुई फायरिंग और कई फिल्म अभिनेताओं व निर्माताओं को मिल रही लगातार धमकियों का हवाला दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि मुंबई में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और राज्य के मुख्यमंत्री कानून व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह विफल साबित हुए हैं।


