USA: ओरेगन में स्कूल में गोलीबारी, 3 बच्चों और शिक्षक की मौत; 16 साल का संदिग्ध भी मारा गया

वॉशिंगटन, 16 अक्टूबर। अमेरिका के ओरेगन राज्य में एक प्राथमिक स्कूल में गोलीबारी की घटना सामने आई है। शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक, इस घटना में तीन बच्चों और एक शिक्षक समेत चार लोगों की मौत हो गई। गोलीबारी का संदिग्ध 16 वर्षीय किशोर भी मारा गया है। वहीं, एक सात साल के बच्चे और एक अन्य शिक्षक के गंभीर रूप से घायल होने की खबर है। दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कार पर गोली चलाने के बाद स्कूल में घुसा संदिग्ध

स्थानीय पुलिस और मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, घटना गुरुवार दोपहर ओरेगन के बेंड स्थित सिल्वर रेल एलीमेंट्री स्कूल में हुई। शुरुआती जांच में सामने आया कि संदिग्ध ने पहले स्कूल के बाहर खड़ी एक कार पर गोलियां चलाईं। इसके बाद वह हथियार लेकर स्कूल परिसर में दाखिल हुआ और फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने पूरे परिसर को खाली कराया और आसपास के इलाके की घेराबंदी कर दी।

स्थानीय नागरिक की जवाबी कार्रवाई में मारा गया संदिग्ध

बेंड शहर के पुलिस प्रमुख माइक क्रैंट्ज के मुताबिक, संदिग्ध की मौत पुलिस की गोली से नहीं हुई, बल्कि एक स्थानीय नागरिक की जवाबी कार्रवाई में हुई। पुलिस प्रमुख के अनुसार, स्थानीय नागरिक ने संदिग्ध को हथियार लेकर स्कूल परिसर में प्रवेश करते देखा। इसके बाद उसने उसका पीछा किया और इमारत के अंदर पहुंच गया। वहां दोनों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें स्थानीय नागरिक की गोली लगने से संदिग्ध की मौत हो गई।

सात साल का बच्चा और शिक्षक गंभीर रूप से घायल

इस घटना में एक सात वर्षीय बच्चा और एक अन्य शिक्षक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि किशोर ने गोलीबारी क्यों की और उसके पास हथियार कहां से आए। घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular