मोदी कैबिनेट ने रेल कर्मचारियों को दी दीपावली बोनस की सौगात, 2 हजार करोड़ रुपये से अधिक होंगे खर्च

नई दिल्ली, 14 अक्टूबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में रेलवे कर्मचारियों के लिए दीपावाली बोनस की घोषणा की गई। यह 78 दिनों के वेतन के बराबर है और इससे करीब 11 लाख से अधिक रेलवे कर्मचारियों को फायदा होगा। यह बोनस प्रदर्शन के आधार पर दिया जाएगा और इस पर 2,009.61 करोड़ रुपये खर्च होंगे।

78 दिनों के वेतन के बराबर PLB, 11 लाख रेल कर्मचारियों को फायदा

सरकार की ओर से जारी बयान में कहा गया, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने रेलवे कर्मचारियों के बेहतरीन प्रदर्शन को देखते हुए, 11,40,770 रेलवे कर्मचारियों को 78 दिनों के पीएलबी (प्रोडक्टिविटी लिंक्ड बोनस) के भुगतान को मंजूरी दी है, जो कि 2009.61 करोड़ रुपये है।’

उल्लेखनीय है कि हर वर्ष दुर्गा पूजा/दशहरा की छुट्टियों से पहले पात्र रेलवे कर्मचारियों को पीएलबी का भुगतान किया जाता है। इस साल भी, लगभग 11.40 लाख नॉन-गजेटेड रेलवे कर्मचारियों को 78 दिनों के वेतन के बराबर पीएलबी की राशि का भुगतान किया जा रहा है। पीएलबी का भुगतान रेलवे कर्मचारियों को रेलवे के कामकाज में सुधार के लिए काम करने के लिए प्रेरित करने का काम करता है।

हर पात्र कर्मचारी को अधिकतम 17,951 रुपये का भुगतान किया जाएगा

हर पात्र रेलवे कर्मचारी को 78 दिनों के लिए अधिकतम 17,951 रुपये का भुगतान किया जाएगा। यह राशि रेलवे के अलग-अलग कैटेगरी के कर्मचारियों को दी जाएगी, जिसमें ट्रैक मेंटेनर, लोको पायलट, ट्रेन मैनेजर (गार्ड), स्टेशन मास्टर, सुपरवाइजर, टेक्नीशियन, टेक्नीशियन हेल्पर, पॉइंट्समैन, मंत्रालय के कर्मचारी और ग्रुप ‘सी’ के अन्य कर्मचारी शामिल हैं।

वर्ष 2025-26 में रेलवे का प्रदर्शन बहुत अच्छा रहा

बयान के अनुसार वर्ष 2025-26 में रेलवे का प्रदर्शन बहुत अच्छा रहा। रेलवे ने 167 करोड़ टन का रिकॉर्ड कार्गो लोड किया और लगभग 7.41 अरब यात्रियों को सफर कराया है। वहीं, अगस्त, 2026 में भारतीय रेलवे ने माल ढुलाई में सालाना 5.4 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की। साथ ही, इस माह यात्रियों की संख्या में भी वृद्धि हुई, जो देशभर में रेल-आधारित परिवहन की लगातार मांग को दर्शाता है। राष्ट्रीय ट्रांसपोर्टर ने अगस्त, 2026 में 13.7 करोड़ टन माल की ढुलाई की, जबकि पिछले वर्ष इसी माह में यह आंकड़ा 13.1 करोड़ टन था। इस माह माल ढुलाई से होने वाली आय में भी सालाना 6.27 प्रतिशत की वृद्धि हुई।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular