मुंबई, 14 अक्टूबर। पिछले कारोबरी सत्र में शानदार उछाल देखने वाले घरेलू शेयर बाजार को थोक महंगाई दर में वृद्धि व कच्चे तेल की कीमतों में उछाल का झटका लगा और बुधवार को दोनों बेंचमार्क इंडेक्स गिरावट के साथ बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स 252 की गिरावट से 73,000 के नीचे चला आया तो एनएसई निफ्टी 99 अंक टूटा।
गौरतलब है कि सरकारी आंकड़ों के अनुसार सितम्बर महीने में थोक मुद्रास्फीति दर बढ़कर 11.39 प्रतिशत हो गई, जो अगस्त में 9.92 प्रतिशत थी। खाद्य पदार्थों, विनिर्मित वस्तुओं तथा ईंधन एवं बिजली की कीमतें बढ़ने से थोक मुद्रास्फीति में तेजी आई।
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार हाल की तेजी के बाद मुनाफावसूली और अमेरिका के महंगाई आंकड़ों से पहले सतर्कता के कारण बाजार में उतार-चढ़ाव रहा। थोक महंगाई के अपेक्षा से अधिक रहने से मौद्रिक नीति सख्त होने की आशंकाएं बढ़ गईं, जिससे वाहन, निजी बैंक और धातु कंपनियों के शेयरों पर दबाव पड़ा।
सेंसेक्स 251.89 अंक गिरकर 72,781.89 पर बंद
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 251.89 अंक यानी 0.34 प्रतिशत गिरकर 72,781.89 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 73,195.26 अंक के उच्च स्तर तक गया और 72,578.75 अंक के निचले स्तर तक आया। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 11 के शेयर बढ़त पर रहे तो 19 में कमजोरी दिखी।
निफ्टी 99.25 अंक टूटकर 22,622.70 अंक पर बंद
वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 99.25 अंक यानी 0.44 प्रतिशत टूटकर 22,622.70 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 16 के स्टॉक हरे निशान पर रुके तो 34 में गिरावट दर्ज की गई।
व्यापक बाजार पर नजर दौड़ाएं तो छोटी कम्पनियों का बीएसई स्मॉलकैप सेलेक्ट सूचकांक 0.72 प्रतिशत टूट गया जबकि मझोली कम्पनियों का मिडकैप सेलेक्ट 0.14 प्रतिशत के नुकसान में रहा।
सेक्टोरल इंडेक्स में आवासीय वित्त खंड सबसे ज्यादा 1.12% गिरा
सेक्टोरल इंडेक्स में आवासीय वित्त खंड में सबसे ज्यादा 1.12 प्रतिशत की गिरावट आई जबकि बीमा खंड में 1.04 प्रतिशत, स्वास्थ्य देखभाल खंड में 0.93 प्रतिशत और वाहन खंड में 0.87 प्रतिशत की नरमी रही। हालांकि, उपयोगिता खंड में 2.07 प्रतिशत, बिजली खंड में 1.74 प्रतिशत और आईटी खंड में 1.41 प्रतिशत की तेजी रही।
बजाज फाइनेंस में सर्वाधिक 2.55 फीसदी की गिरावट
सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में बजाज फाइनेंस का स्टॉक सबसे ज्यादा 2.55 फीसदी गिरा। महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज फिनसर्व, इटर्नल, आईसीआईसीआई बैंक और इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो) में भी प्रमुख रूप से गिरावट रही। दूसरी तरफ, इन्फोसिस, टेक महिंद्रा, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, हिन्दुस्तान यूनिलीवर, एनटीपीसी और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में तेजी रही।
FII ने 1,305.13 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने मंगलवार को 1,305.13 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध बिकवाली की। वहीं वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.36 प्रतिशत बढ़कर 106.1 डॉलर प्रति बैरल पहुंच गया।


