दुबई, 13 अक्टूबर। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने मंगलवार को एक बयान में कहा है कि उसे 12 दिन पहले ICC क्रिकेट विश्व कप 2027 के टिकटों के लिए आवेदन की प्रक्रिया शुरू करने के बाद से अब तक 142 देशों से डेढ़ करोड़ से अधिक आवेदन मिले हैं, जो इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में वैश्विक रुचि को दर्शाता है।
आईसीसी के इस 50 ओवर के शीर्ष टूर्नामेंट की मेजबानी दक्षिण अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया संयुक्त रूप से करेंगे और इसका आयोजन अगले वर्ष दो अक्टूबर से 21 नवम्बर तक किया जाएगा। आईसीसी ने बयान में कहा, ‘अब तक टिकटों के लिए एक करोड़ 50 लाख 83 हजार 752 आवेदन मिले हैं, जिसके लिए 142 देशों के प्रशंसकों ने 44 लाख 23 हजार 417 पंजीकरण कराए हैं।’
𝟏𝟓 𝐦𝐢𝐥𝐥𝐢𝐨𝐧 𝐚𝐩𝐩𝐥𝐢𝐜𝐚𝐭𝐢𝐨𝐧𝐬 𝐫𝐞𝐜𝐞𝐢𝐯𝐞𝐝 🤩🎫
Ticket demand for #CWC27 keeps soaring in the ballot 📈
More details ➡️ https://t.co/HIOkrvc0EV https://t.co/hx1lRul239
— ICC (@ICC) October 13, 2026
21 नवम्बर 2026 तक कराया जा सकता है टिकटों के लिए पंजीकरण
टिकटों के लिए पंजीकरण 21 नवम्बर 2026 तक कराया जा सकता है, जिसके ठीक एक वर्ष बाद जोहानेसबर्ग के वांडरर्स में फाइनल मुकाबला होगा। आईसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजोग गुप्ता ने कहा, ‘टिकटों की भारी मांग क्रिकेट विश्व कप की लोकप्रियता और प्रतिष्ठा, पर्यटन स्थल के रूप में अफ्रीका के आकर्षण तथा टूर्नामेंट के आगाज से पहले आईसीसी और उसके साझेदारों की प्रचार गतिविधियों से पैदा हुई उत्सुकता का प्रमाण है।’
क्रिकेट विश्व कप 24 वर्ष के अंतराल के बाद दक्षिण अफ्रीका लौट रहा है। संजोग गुप्ता ने कहा, ‘टूर्नामेंट शुरू होने में एक वर्ष शेष है और आईसीसी ने इस दौरान व्यापक स्तर पर प्रचार गतिविधियों, विभिन्न मंचों पर अभियान और विशेष सामग्री की शृंखला की योजना बनाई है। इससे आईसीसी क्रिकेट विश्व कप 2027 को लेकर प्रशंसकों का उत्साह और बढ़ेगा।’


